Prophet Comment Row: नसीरुद्दीन शाह बोले- पीएम को आगे आकर इस 'जहर को फैलने से रोकना' चाहिए

By अंकित सिंह | Jun 08, 2022

नयी दिल्ली। पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ कथित विवादित टिप्पणी को लेकर देश में भाजपा प्रवक्ता नूपुर शर्मा के खिलाफ जबरदस्त तरीके से विरोध देखने को मिल रहा है। विपक्षी पार्टी के साथ-साथ एक धर्म विशेष के धर्मगुरु लगातार नूपुर शर्मा के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। इन सबके बीच बॉलीवुड अभिनेता नसीरुद्दीन शाह का भी बयान सामने आ गया है। नसीरुद्दीन शाह ने इस बात की उम्मीद जताई कि एक दिन लोगों में अच्छी समझ कायम होगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि मुसलमानों के खिलाफ घृणा की लहर नष्ट हो जाएगी। नसीरुद्दीन शाह का यह बयान ऐसे समय में आया है जब भाजपा ने अपने दो पदाधिकारियों को पार्टी से निलंबित तथा निष्कासित कर दिया है। हालांकि, देश-विदेश में उनके बयानों की निंदा हो रही है। नसीरुद्दीन शाह ने एक समाचार चैनल के साथ अपने साक्षात्कार में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस मामले में हस्तक्षेप करना चाहिए और इस जहर को फैलने से रोकना चाहिए।

इसे भी पढ़ें: नुपुर शर्मा का समर्थन करने वाले गिर्ट विल्‍डर्स कौन हैं? कुरान बैन की उठा चुके हैं मांग, क्यों कहा जाता है 'डच ट्रंप'

कई बार राष्ट्रीय पुरस्कार जीत चुके शाह ने कहा कि मैं उनसे (प्रधानमंत्री से) अनुरोध करूंगा कि वे इन लोगों को थोड़ी अच्छी समझ दें। ऋषिकेश में धर्म संसद में जो कहा गया, यदि वह उसमें भरोसा करते हैं, तो उन्हें ऐसा कहना चाहिए। यदि वह इसमें भरोसा नहीं करते, तो भी उन्हें यह बात कहनी चाहिए। इसके साथ ही शाह ने कहा कि भारत सरकार ने जो कार्रवाई की, बहुत बहुत कम और बहुत देर से की। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान, बांग्लादेश या अफगानिस्तान, जिन्हें हम एक दिन ‘अखंड भारत’ में शामिल करने की उम्मीद रखते हैं, ऐसे देशों में इस प्रकार के बयान का मतलब मौत की सजा होगा, क्योंकि इन्हें ईशनिंदा समझा जाएगा। यहां शीर्ष पर बैठे लोगों ने कुछ नहीं बोला और आस्था रखने वाले लाखों लोगों को हुई पीड़ा की बात किसी ने नहीं कही। सत्तारूढ़ दल से निलंबित किए जाने के बाद शर्मा ने ‘‘बिना शर्त’’ माफी मांगी, जिसे अभिनेता ने ‘‘पाखंड’’ बताया।

प्रमुख खबरें

8 October को रखा जाएगा अश्विन प्रदोष व्रत, जानिए त्रयोदशी तिथि और Pradosh Puja का समय

BJP के सेवा ज्योति कार्यक्रम के चलते Delhi में ट्रैफिक एडवाइजरी जारी

PM Narendra Modi 25 Years In Governance | शासन के 25 साल पूरे होने पर पीएम मोदी ने दिया हम यह करेंगे का नया नारा, 2047 तक विकसित भारत के बताए 3 बड़े लक्ष्य!

UN में OIC पर बरसा भारत, Biplab Deb बोले पीड़ित और दोषी में फर्क समझे संगठन