By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 28, 2026
पिछले 13 वर्षों से ऑस्ट्रेलिया की पहली पसंद के स्पिनर रहे नाथन लियोन का दबदबा शनिवार को उस समय समाप्त हो गया जब इस 39 वर्षीय खिलाड़ी को न्यूजीलैंड के खिलाफ चार टेस्ट मैचों की श्रृंखला के लिए टीम में नहीं चुना गया। चयनकर्ताओं ने 13 सदस्यीय टीम की घोषणा की, जिसमें स्पिनर कोरी रोकिचिओली और क्वींसलैंड के बल्लेबाज जैक क्लेटन को पहली बार टेस्ट टीम में शामिल किया गया है। कूपर कॉनॉली और मार्नस लाबुशेन को भी उस ऑस्ट्रेलियाई टीम से बाहर कर दिया गया है, जो एक महीने पहले केपटाउन में दक्षिण अफ्रीका से श्रृंखला का निर्णायक मैच हार गई थी।
लियोन को इससे पहले 2013 में एशेज श्रृंखला के बीच में टीम से बाहर किया था। उनकी जगह एशटन एगर को चुना गया था। इसके बाद हालांकि उन्होंने जल्द ही टीम में वापसी की और फिर ऑस्ट्रेलिया की टीम के प्रमुख सदस्य बने रहे।
लियोन 2011 के श्रीलंका के अपने पहले टेस्ट दौरे के बाद से ऑस्ट्रेलिया की प्रत्येक टेस्ट टीम का हिस्सा रहे हैं। लियोन ने कहा है कि वह अगले साल भारत और इंग्लैंड के दौरे में खेलना चाहते हैं। दक्षिण अफ्रीका में ऑस्ट्रेलिया की तीन मैच की श्रृंखला में 2-1 से हार के दौरान उन्होंने 43.67 के औसत से छह विकेट लिए थे।
उन्हें गकेबरहा में खेले गए दूसरे टेस्ट से बाहर कर दिया गया था। अभी तक 145 टेस्ट मैच खेल चुके लियोन ने शेफील्ड शील्ड में वापसी की है और न्यू साउथ वेल्स के लिए दो घरेलू मैचों में सात विकेट लिए हैं। उन्होंने 577 टेस्ट विकेट लिए हैं और वह ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों में शेन वार्न (708 विकेट) के बाद दूसरे और कुल मिलाकर छठे स्थान पर हैं।
मुख्य चयनकर्ता जॉर्ज बेली ने कहा, ‘‘हाल के मैचों में गेंदबाजी में नाथन का प्रदर्शन उतना प्रभावशाली नहीं रहा जितना हम चाहते थे। हम यह भी जानते हैं कि उनका रिकॉर्ड असाधारण है और उनका अनुभव, ज्ञान और कौशल भविष्य में हमारी योजना के लिए अहम साबित हो सकता है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमारी तरफ से महत्वपूर्ण संदेश यह था कि हम चाहते हैं कि वह कुछ समय लें और जल्दबाजी में कोई निर्णय न लें। भारत के दौरे पर वह टीम के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।’’ पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया की तरफ से खेलने वाले 29 वर्षीय रोकिचिओली ने इस सत्र में 33.88 की औसत से 18 विकेट लिए हैं और पिछले सप्ताह तस्मानिया राज्य के खिलाफ शतक लगाकर उन्होंने अपनी ऑलराउंड क्षमता का भी नमूना पेश किया।
ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच पहला टेस्ट मैच नौ दिसंबर से पर्थ में शुरू होगा, जिसके बाद एडिलेड, मेलबर्न और सिडनी में टेस्ट मैच खेले जाएंगे। न्यूजीलैंड के खिलाफ श्रृंखला के लिए ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट टीम: पैट कमिंस (कप्तान), स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी, जैक क्लेटन, कैमरन ग्रीन, जोश हेज़लवुड, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस, माइकल नेसर, मैथ्यू रेनशॉ, कोरी रोकिचिओली, स्टीव स्मिथ, मिचेल स्टार्क।