यूक्रेन के नियंत्रण वाले क्षेत्र को नाटो की सदस्यता युद्ध के चरम दौर को खत्म कर देगा : Zelensky

By Prabhasakshi News Desk | Dec 01, 2024

कीव । यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि कीव के नियंत्रण वाले क्षेत्र को नाटो की सदस्यता का प्रस्ताव यूक्रेन में ‘‘युद्ध का चरम दौर’’ समाप्त कर देगा, लेकिन इस सैन्य गठबंधन में शामिल होने के किसी भी प्रस्ताव को देश के उन सभी हिस्सों तक विस्तारित किया जाना चाहिए जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सीमाओं के अंतर्गत आते हैं। शुक्रवार को एक साक्षात्कार में जेलेंस्की की इस टिप्पणी ने भविष्य में उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) की सदस्यता के लिए यूक्रेन के मुश्किल राह पर आगे बढ़ने का संकेत दिया।

जुलाई में वाशिंगटन में नाटो शिखर सम्मेलन में, इसके 32 सदस्यों ने घोषणा की कि यूक्रेन सदस्यता के लिए ‘‘पीछे मुड़कर नहीं देखने के’’ रास्ते पर है। हालांकि, आगे बढ़ने में एक बाधा यह रही है कि इसमें शामिल होने से पहले यूक्रेन की सीमाओं को स्पष्ट रूप से चिह्नित किया जाना आवश्यक होगा। ‘स्काई न्यूज’ को दिये साक्षात्कार के एक अंश में यूक्रेन के राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘आप किसी देश के केवल एक हिस्से को न्योता नहीं दे सकते। क्यों? क्योंकि इस तरह आपको पता चल जाएगा कि यूक्रेन केवल यूक्रेन का ही एक हिस्सा है और दूसरा हिस्सा रूस है।’’

यूक्रेन के संविधान के तहत, कीव रूस द्वारा कब्जा किए गए क्षेत्र को रूसी क्षेत्र के रूप में मान्यता नहीं दे सकता। जेलेंस्की ने कहा, ‘‘इसलिए कानूनी तौर पर, हमें कब्जे वाले क्षेत्र को रूस के क्षेत्र के रूप में मान्यता देने का कोई अधिकार नहीं है।’’ वर्ष 2022 में युद्ध शुरू होने के बाद से, रूस यूक्रेन के लगभग पांचवें हिस्से को अपने नियंत्रण में रखने के लिए जद्दोजहद कर रहा है। पहले से ही पूर्वी और दक्षिणी यूक्रेन इसके नियंत्रण में है। जेलेंस्की ने कहा, ‘‘अगर हम युद्ध के इस चरम दौर को समाप्त करना चाहते हैं, तो हमें यूक्रेन के उस क्षेत्र को नाटो के दायरे में लाना चाहिए जो हमारे नियंत्रण में है। हमें यही करना है, जल्दी से। और फिर यूक्रेन कूटनीतिक तरीके से अपने क्षेत्र का दूसरा हिस्सा वापस पा सकता है।

प्रमुख खबरें

Kochi Mercedes Car Accident मामले में जज के नाबालिग बेटे की जमानत बरकरार, याचिका खारिज

UP में PMHS डॉक्टरों के लिए सुपर स्पेशियलिटी का मौका, 10 साल की सेवा अनिवार्य

Maharajganj में पुलिस और ATS का बड़ा एक्शन, 122 किलो गांजे के साथ दो तस्कर दबोचे

Titan के Jewellery और Watch सेगमेंट में तेजी से Net Profit बढ़कर Rs 2393 करोड़ पहुंचा