By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 24, 2017
भुवनेश्वर। ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने आज जोर दिया कि उनकी पार्टी बीजद भाजपा और कांग्रेस से समान दूरी रखती है। उनका यह रूख इस लिहाज से अहम है क्योंकि एक दिन पहले ही उनके कैबिनेट सहयोगी दामोदर राउत ने कहा था कि राज्य के अगले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ हाथ मिलाने में उनकी पार्टी को कोई हिचक नहीं है।
मुख्यमंत्री के बयान के बाद बीजद उपाध्यक्ष राउत ने कहा कि संभावित गठबंधन के बारे में उनकी टिप्पणी उनकी निजी राय थी। बीजद प्रमुख पटनायक ने आज ट्वीट किया, ‘‘बीजद कांग्रेस और भाजपा से समान दूरी रखती है। अपने लोगों के आशीर्वाद से हम ओडिशा के अधिकारों के लिए अपना संघर्ष जारी रखेंगे।’’ राज्य में विधानसभा चुनाव 2019 में होने हैं।