Nayara Energy रोज एक पेट्रोल पंप जोड़कर अपने खुदरा नेटवर्क का विस्तार करेगी

By Prabhasakshi News Desk | Jan 05, 2025

नयी दिल्ली । देश की निजी क्षेत्र की सबसे बड़ी ईंधन खुदरा कंपनी नायरा एनर्जी विभिन्न राज्यों में अपने खुदरा नेटवर्क का विस्तार करने के लिए इस साल 400 पेट्रोल पंप जोड़ने की योजना बना रही है। कंपनी के देशभर में 6,500 से अधिक पेट्रोल पंप हैं। कंपनी अपने नेटवर्क में लगातार नए पेट्रोल पंप जोड़ रही है और गुजरात, महाराष्ट्र, तमिलनाडु और राजस्थान जैसे राज्यों में तेजी से विस्तार कर रही है। कंपनी ने बयान में कहा कि हम इस साल 400 नए खुदरा आउटलेट जोड़ने के लिए सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

भारत में आक्रामक रूप से विस्तार की अपनी योजना के तहत नायरा एनर्जी ने नए डीलर शामिल करने और स्थानीय उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए अपने डीलर कार्यक्रम को भी नया रूप दिया है। यह अब पेट्रोल पंप खोलने के लिए देशभर में नई डीलरशिप के लिए आवेदन आमंत्रित कर रही है। नायरा गुजरात के वडिनार में दो करोड़ टन सालाना की रिफाइनरी का परिचालन करती है। 6,500 से अधिक पेट्रोल पंप के साथ यह देशभर में विश्वसनीय और सुरक्षित परिवहन की आवश्यकता को पूरा करती है।

कंपनी हाल ही में 4,50,000 टन सालाना के पॉलीप्रॉपिलीन संयंत्र के साथ पेट्रोरसायन क्षेत्र में उतरी है। देश का सबसे युवा पेट्रोलियम ब्रांड होने के नाते नायरा एनर्जी उपभोक्ताओं की संतुष्टि सुनिश्चित करने के लिए ईंधन खुदरा बिक्री श्रेणी में बदलाव ला रही है। बयान में कहा गया, ‘‘नायरा एनर्जी के खुदरा पेट्रोल पंप पर ग्राहकों को हमेशा ईंधन की सही गुणवत्ता और मात्रा का भरोसा मिलेगा।’’ कंपनी ने कहा कि नायरा एनर्जी के ईंधन स्टेशन ग्राहकों की जरूरतों को पूरा करने के लिए डिजाइन किए गए विभिन्न प्रकार के उत्पाद और सेवाएं प्रदान करते हैं।

प्रमुख खबरें

Bhopal में 2500 टन कचरा उठना शुरू, CM Mohan Yadav से बैठक के बाद राहत मिली

Hockey India के चुनाव और ओडिशा इकाई के नोटिस पर High Court ने लगाई रोक

White House में फेरबदल, Donald Trump ने Stephen Miller को चीफ ऑफ स्टाफ बनाया

Mohammed Shami ने Test Cricket से लिया संन्यास, BCCI और फैंस का जताया आभार