By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 06, 2019
नयी दिल्ली। अनुच्छेद 370 पर भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी के रूख के बारे में नेशनल कांफ्रेंस के सांसद हसनैन मसूदी के दावे को लेकर मंगलवार को लोकसभा में भाजपा सदस्यों की कड़ी प्रतिक्रिया सामने आई। इस पर गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कड़ी आपत्ति की। रक्षा मंत्री ने कहा कि मसूदी अपनी बात सत्यापित करें या फिर माफी मांगें। इस विषय पर संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी की आपत्ति के बाद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने नेशनल कांफ्रेंस सदस्य की टिप्पणी को कार्यवाही से निकालने को कहा।
रक्षा मंत्री सिंह ने कहा कि मसूदी ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बारे में जो बातें की हैं उसको वह सत्यापित करें, अन्यथा सदन से माफी मांगें।बहरहाल, हसनैन मसूदी ने यह आरोप भी लगाया कि आज मुख्यधारा की पार्टियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। आज हम किस मोड़ पर आ गए ? उन्होंने कहा कि संविधान पर हमले के लिए इतिहास कभी माफ नहीं करेगा।