क्रूज पर ड्रग्स पार्टी मामले में NCB की कार्रवाई, आर्यन खान समेत तीन को किया गया गिरफ्तार
By अंकित सिंह | Oct 03, 2021
स्वापक नियंत्रण ब्यूरो ने लंबी पूछताछ के बाद क्रूज जहाज पर पार्टी मामले में अभिनेता शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। आर्यन खान के साथ मुनमुन धमेचा और अरबाज मर्चेंट को गिरफ्तार किया गया है। आपको बता दें कि एनसीबी ने क्रूज जहाज पर छापा मारकर वहां नशीले पदार्थों के साथ चल रहे पार्टी का भंडाफोड़ किया था। आर्यन खान के साथ जिन लोगों को हिरासत में गया था उनमें मुनमुन धमेचा, नुपुर सारिका, इसमीत सिंह, मोहक जसवाल, विक्रांत छोकर, गोमित चोपड़ा और अरबाज मर्चेंट शामिल हैं। गिरफ्तारी के बाद इन लोगों को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया। बताया जा रहा है कि जिन लोगों को गिरफ्तार किया गया है उनके पास से भी ड्रग्स बरामद किए गए है। आपको बता दें कि स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) ने एक यात्री क्रूज जहाज पर छापा मारकर वहां नशीले पदार्थों के साथ चल रही पार्टी का भंडाफोड़ किया और इस मामले में अभिनेता शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान और सात अन्य को हिरासत में ले लिया। एनसीबी के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। इनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। एनसीबी के अधिकारी ने बताया कि शनिवार शाम हुई छापेमारी के दौरान एमडीएमए, एक्स्टेसी, कोकीन, एमडी (मेफेड्रोन) और चरस जैसे मादक पदार्थ बरामद किए गए। उन्होंने बताया कि मादक पदार्थ रोधी एजेंसी ने इस जश्न पार्टी के संबंध में प्राथमिकी दर्ज की है।