संसद के विशेष सत्र में NCP SP के सभी 8 सांसदों की मौजूदगी अनिवार्य, व्हिप जारी

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 27, 2026

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) ने शुक्रवार को अपने लोकसभा सांसदों के लिए व्हिप जारी किया और उन्हें 30 नवंबर से संसद के आगामी विशेष सत्र के दौरान सदन में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का निर्देश दिया। पार्टी के मुख्य सचेतक अमोल कोल्हे की ओर से जारी व्हिप में कहा गया है, ‘‘लोकसभा में 30 नवंबर से चार दिसंबर तक अत्यंत महत्वपूर्ण कामकाज होने वाला है इसलिए राकांपा (शप) के सभी लोकसभा सदस्यों से अनुरोध है कि वे बिना किसी चूक के सदन में उपस्थित रहें और पार्टी के रुख का समर्थन करें।’’ यह व्हिप ऐसी अटकलों के बीच जारी किया गया है कि पार्टी परिसीमन विधेयक पर सरकार का समर्थन कर सकती है। राकांपा (शप) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने कहा है कि उनकी पार्टी इस प्रस्ताव पर विचार कर सकती है, बशर्ते सभी राज्यों में लोकसभा सीट की संख्या समान रूप से 50 प्रतिशत बढ़ाई जाए।

पार्टी के लोकसभा में आठ सांसद हैं। सुले ने यह भी कहा है कि विधेयक पेश किए जाने के बाद उनकी पार्टी इस मुद्दे पर विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के घटक दलों के साथ चर्चा करेगी। संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से बुलाया गया है, जिसमें महत्वपूर्ण विधायी कामकाज किया जाएगा।

ऐसे संकेत हैं कि सरकार महिला आरक्षण लागू करने को परिसीमन से जोड़ने वाले संविधान संशोधन विधेयक को फिर से पेश कर सकती है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर को और राज्यसभा की बैठक दो दिसंबर को फिर से बुलाई गई है। यह घटनाक्रम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बृहस्पतिवार को दिए गए उस बयान के बाद सामने आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि महिलाओं को न्याय मिलने से कोई ताकत नहीं रोक सकती।

साथ ही, उन्होंने अप्रैल में संसद में परिसीमन से जुड़े संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, 2026 के पारित नहीं होने के लिए ‘‘विपक्ष के एक दल’’ को जिम्मेदार ठहराया था। इस विधेयक में विधायिकाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रावधान था।

प्रमुख खबरें

कच्चा दूध पीने से सेहत को फायदे के वैज्ञानिक सबूत नहीं, संक्रमण का खतरा अधिक

Health Tips: Chronic Urticaria छीन सकती है सुकून और Mental Health, सही समय पर कराएं इलाज

Harivansh Rai Bachchan Birth Anniversary: हिंदी साहित्य के दिग्गज कवि थे हरिवंश राय बच्चन, जानिए दिलचस्प किस्से

Sankashti Chaturthi 2026: सकारात्मक सोच का प्रतीक है गणाधिप संकष्टी चतुर्थी व्रत