NCW Chief Vijaya Rahatkar बोलीं, कानून अकेले नहीं बदल सकते समाज की मानसिकता

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 09, 2026

(कोमल शर्मा) नयी दिल्ली, नौ नवंबर राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने कहा कि समाज महिलाओं से घर संभालने, आजीविका कमाने, परिवार का सहारा बनने और भावनात्मक संबल देने की अपेक्षा तो करता है, लेकिन इसके बावजूद उनके साथ भेदभाव जारी है। रहाटकर ने महिलाओं के प्रति समाज की सोच में बुनियादी बदलाव की जरूरत पर जोर दिया। एनसीडब्ल्यू अध्यक्ष ने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए एक साक्षात्कार में कहा कि सरकारों ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए कई कानून बनाए हैं, लेकिन केवल कानूनों से अपेक्षित बदलाव नहीं लाया जा सकता।

रहाटकर ने कहा, ‘‘मुझे यह देखकर भी थोड़ा आश्चर्य होता है कि समाज महिलाओं से हर चीज की अपेक्षा करता है। चाहे घर की देखभाल की बात हो, इसके लिए मां, पत्नी, बहन या बेटी ही होनी चाहिए। उसे हर परिस्थिति में मजबूती से खड़ा होना चाहिए, आत्मनिर्भर बनना चाहिए, कमाना चाहिए, सबका सहारा बनना चाहिए, घर के काम करने चाहिए और सभी को भावनात्मक संबल भी देना चाहिए।

उससे ये सभी अपेक्षाएं की जाती हैं। उसके बिना हमारा काम नहीं चल सकता।’’ उन्होंने कहा कि परिवार और समाज में महिलाओं के महत्वपूर्ण योगदान के बावजूद उनके साथ भेदभाव और उनके साथ हिंसा की घटनाएं चिंता का विषय बनी हुई हैं। उन्होंने कहा, ‘‘कभी-कभी मुझे यह देखकर बहुत आश्चर्य और दुख होता है कि जिस देश में सदियों से महिलाओं का इतना सम्मान किया जाता रहा है, वहां आज भी उनके साथ भेदभाव होता है।

यह बात मुझे बहुत परेशान करती है।’’ रहाटकर ने कहा, ‘‘जब उसी मां, बहन या बेटी को घरेलू हिंसा का शिकार होना पड़ता है, तो बहुत दुख होता है। घरेलू हिंसा को लेकर समाज की सोच बदलने की तत्काल जरूरत है।’’ राष्ट्रीय महिला आयोग की प्रमुख ने कहा कि सरकारों ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए कई कानून बनाए हैं। कानूनी कार्रवाई के डर से हिंसा की घटनाओं में कमी लाने में मदद मिली है, लेकिन इतना पर्याप्त नहीं है।

उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि समय के साथ महिलाओं के खिलाफ अपराधों का स्वरूप बदल रहा है और नयी चुनौतियां सामने आ रही हैं। रहाटकर ने कहा, समय के साथ अपराध और लोगों का रवैया बदलता है। कामकाजी महिलाओं को अक्सर यौन उत्पीड़न का सामना करना पड़ता है और लगातार कई नई चुनौतियां सामने आ रही हैं।

साइबर अपराधों के बढ़ते खतरे की ओर ध्यान दिलाते हुए रहाटकर ने कहा कि ऐसे अपराधों में तेजी से हो रही वृद्धि भी गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा, ‘‘समाज की सोच बदल रही है, लेकिन कभी-कभी यह बदलाव लोगों को एकजुट करने के बजाय उनमें विभाजन पैदा करता है। इसलिए हमें इन मुद्दों से निपटना होगा और यह सुनिश्चित करना होगा कि हर जगह और हर क्षेत्र में महिलाओं का सम्मान हो तथा वे सुरक्षित रहें।’’

प्रमुख खबरें

स्वदेश वापसी की तैयारी में Sheikh Hasina, नए पासपोर्ट और पहचान पत्र के लिए किया आवेदन

1990 में कारसेवकों पर गोलीबारी संविधान बचाने के लिए थी, SP MP Sanatan Pandey ने किया बचाव

Giriraj Singh का Congress अध्यक्ष पर वार, बोले- Gandhi परिवार के मुखपत्र हैं खड़गे

Lucknow Agra Expressway पर पलटी बस, 3 यात्रियों की मौत और 44 घायल