By रितिका कमठान | Aug 09, 2024
पेरिस ओलंपिक्स 2024 में जैवलिन थ्रो का फाइनल मुकाबला हो चुका है। फाइनल मुकाबले में भारतीयों की उम्मीद को झटका लगा और नीरज चोपड़ा गोल्ड मेडल नहीं जीत सके। उन्हें सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा। वहीं गोल्ड मेडल पर ओलंपिक रिकॉर्ड के साथ पाकिस्तानी खिलाड़ी अरशद नदीम ने कब्जा जमाया। इसी के साथ पाकिस्तान का 32 वर्षों का सूखा भी अरशद ने खत्म किया। कुल 32 वर्षों के लंबे इतिहास के बाद ओलंपिक्स में पाकिस्तान कोई मेडल जीतने में सफल हुआ है।
नीरज लगातार दो ओलंपिक व्यक्तिगत स्पर्धा का पदक जीतने वाले तीसरे और ट्रैक और फील्ड के पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए। उनसे पहले पहलवान सुशील कुमार (2008 और 2012) और बैडमिंटन खिलाड़ी पी वी सिंधू (2016 और 2021) यह कारनामा कर चुके हैं। नदीम को हांगझोउ एशियाई खेलों में नीरज से प्रतिस्पर्धा करनी थी लेकिन आखिरी मौके पर चोट के कारण उन्होंने नाम वापिस ले लिया। नीरज ने उन्हें 2018 एशियाई खेलों और राष्ट्रमंडल खेलों में हराया था।