Neha Pachisia मामले में MP Police ने गठित की SIT, जमीन सौदे की होगी जांच

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 22, 2026

मध्यप्रदेश पुलिस ने कटनी की निलंबित नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) नेहा पचिसिया के खिलाफ हत्या के एक आरोपी से जुड़े कथित जमीन सौदे के मामले में लगे आरोपों की जांच के लिए शनिवार को विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया। कटनी के कुठला थाने में 19 अगस्त को पचिसिया (37) और उनके दो सहयोगियों, जिनमें क्षितिज राज बरापात्रे भी शामिल हैं, के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। जबलपुर जोन के पुलिस महानिरीक्षक प्रमोद वर्मा ने ‘पीटीआई भाषा’ को बताया कि एसआईटी मामले की जांच कर रहीं जबलपुर की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अंजना तिवारी की सहायता करेगी।

जांच में सामने आया कि लोधी और उसके परिवार की जमीन 18 लाख रुपये में मारूफ अहमद हनफी को बेची गई, जबकि सरकार के निर्देश के अनुसार उसकी कीमत 82 लाख रुपये थी और बाजार मूल्य करीब दो करोड़ रुपये आंका गया। पुलिस अधीक्षक विश्वकर्मा ने कहा, ‘‘कोई व्यक्ति इतनी कम कीमत पर जमीन क्यों बेचेगा? इसका मतलब है कि उस पर दबाव था।

और दबाव यह था कि तुम्हें जेल नहीं भेजा जाएगा।’’ मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शुक्रवार को पचिसिया को तत्काल निलंबित करने का आदेश दिया था। रजनी नगर थाने के प्रभारी अरुण पाल सिंह, उप निरीक्षक सौरभ सोनी, सीएसपी के रीडर नरेंद्र पांडे, गनमैन माटू और चालक केशव को भी निलंबित किया गया है। विश्वकर्मा ने कहा कि उनके खिलाफ कथित अपराध में शामिल होने का आरोप नहीं है, लेकिन सेवा नियमों के तहत जिन आदेशों का पालन नहीं किया जाना चाहिए था, उनका कथित तौर पर पालन करने के कारण उन्हें निलंबित किया गया है।

पचिसिया के खिलाफ एक अलग विभागीय जांच भी की जा रही है। इसमें एक ट्रांसपोर्टर के डंपर ट्रकों को रोकने के बाद उससे कथित तौर पर धन वसूली करने का आरोप है। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले की पचोर तहसील की रहने वाली पचिसिया ने पुलिस विभाग में आने से पहले एयर होस्टेस के रूप में काम किया था और कुछ बहुराष्ट्रीय कंपनियों में भी सेवाएं दी थीं।

उन्होंने मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग की 2012 की परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद सरकारी सेवा में प्रवेश किया। पुलिस विभाग में शामिल होने से पहले उन्होंने कुछ समय महिला एवं बाल विकास विभाग में भी काम किया था। गुना में नगर पुलिस अधीक्षक के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान महिला मोबाइल पुलिस थाना शुरू करने के लिए उन्हें ‘‘लेडी सिंघम’’ के नाम से जाना जाने लगा था।

प्रमुख खबरें

Revanth Reddy की US Visit को केंद्र से नहीं मिली मंजूरी, कांग्रेस और भाजपा में छिड़ी बहस

CPI M नेताओं ने AN Shamseer पर टिप्पणी करने पर Vellappally Natesan को आड़े हाथ लिया

Meerut Murder Case में सौतन समेत 3 गिरफ्तार, बेटे के विवाद में की थी हत्या

Balochistan में हिंदू व्यापारी Rakesh Kumar की हत्या, नोश्की बाजार में हुआ हमला