नेफ्यू रियो ने पांचवीं बार Nagaland के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 08, 2023

नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी (एनडीपीपी) के नेता नेफ्यू रियो ने नगालैंड के मुख्यमंत्री के रूप में अपने पांचवें कार्यकाल के लिए मंगलवार को शपथ ली। राज्यपाल ला गणेशन ने 72 वर्षीय रियो को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। एनडीपीपी के टी आर जेलियांग और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वाई पैटन को राज्य के उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ दिलाई गई। रियो के मंत्रिमंडल के अन्य सदस्यों ने भी शपथ ली।

रियो के मंत्रिमंडल में एनडीपीपी से सात और भाजपा से पांच मंत्री हैं। मंत्रिपरिषद में शामिल किये गये नये चेहरों में सिर्फ क्रूस और पी बाशंगमोनबा ही हैं। क्रूस ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि वह राज्य की पहली महिला कैबिनेट मंत्री बनने से खुश हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें जो भी विभाग दिया जाएगा, लोगों के लिए उसमें वह गंभीरता से काम करेंगी। रियो ने संवाददाताओं से बातचीत में उन्हें पांचवां कार्यकाल देने के लिए राज्य की जनता का शुक्रिया अदा किया।

उन्होंने कहा कि मंत्रियों के विभागों का बंटवारा मंगलवार शाम होने वाली मंत्रिमंडल की प्रथम बैठक के बाद किया जाएगा। रियो अपने राज्य में सर्वदलीय सरकार का नेतृत्व करेंगे, जहां कोई विपक्षी दल नहीं होगा। एनडीपीपी-भाजपा गठबंधन ने हाल में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में राज्य विधानसभा की 60 सीट में से 37 सीट पर जीत हासिल की। रियो पहली बार 2003 में राज्य के मुख्यमंत्री बने थे। इसके बाद वह 2008 और 2013 में मुख्यमंत्री बने, लेकिन 2014 में इस्तीफा दे दिया और लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए।

इसके बाद, 2018 में फिर से मुख्यमंत्री बने। वहीं, पांचवां कार्यकाल मिलने के साथ रियो नगालैंड में सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री पद पर रहने वाले नेता हो गये हैं। उन्होंने एस सी जमीर का रिकार्ड तोड़ दिया, जो 1980, 1982-86, 1989-90, और 1993-2003 तक मुख्यमंत्री रहे थे।

प्रमुख खबरें

Rajasthan Municipal Election Result: 4179 वार्ड जीतकर BJP आगे, 4 नगर निगमों में स्पष्ट बहुमत

Afghanistan में Mujahideen ने पकड़ा, Kerala की महिला Travel Vlogger Backpacker Arunima का दावा

बारां नगर परिषद में AAP का परचम, 60 में से 31 सीटें जीतकर तोड़ा कांग्रेस का 15 साल का राज

HFCL का बड़ा फैसला, क्षमता विस्तार के लिए Capex बढ़ाकर 1800 करोड़ रुपये किया