केंद्र में न तो भाजपा और न NDA की बनेगी सरकार: गुलाम नबी आजाद

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 15, 2019

पटना। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद ने बुधवार को दावा किया कि लोकसभा चुनाव के बाद केंद्र में न तो भाजपा और न ही राजग की सरकार बनेगी। उन्होंने दावा किया कि चुनाव के बाद नरेन्द्र मोदी दूसरी बार प्रधानमंत्री नहीं बनेंगे बल्कि केंद्र में गैर राजग, गैर भाजपा सरकार बनेगी। उन्होंने कहा, ‘‘चुनाव अब आखिरी चरण में हैं और देश भर में चुनाव प्रचार के अपने अनभुव के आधार पर मैं कह सकता हूं कि केंद्र में फिर से न तो भाजपा और न ही राजग की सरकार बनेगी।’’ यहां पत्रकारों से उन्होंने कहा, ‘‘नरेंद्र मोदी दूसरी बार प्रधानमंत्री नहीं बनने जा रहे हैं... लोकसभा चुनाव के बाद केंद्र में गैर राजग-गैर भाजपा सरकार बनेगी।’’ आजाद ने कहा कि अच्छा होगा अगर लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद सरकार चलाने के लिये कांग्रेस नेता के नाम पर आम सहमति बने लेकिन ‘‘हम इसे कोई मुद्दा नहीं बनाने जा रहे कि अगर हमें (कांग्रेस को) प्रधानमंत्री पद की उम्मीदवारी की पेशकश नहीं की गयी तो हम (कांग्रेस) किसी और (नेता) को प्रधानमंत्री नहीं बनने देंगे।’’

राज्यसभा में विपक्ष के नेता ने कहा कि कांग्रेस का एकमात्र ध्येय केंद्र में राजग को सरकार बनाने से रोकना है और गैर-राजग सरकार बनाना है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा 125 सीटों तक सिमट जायेगी हालांकि चुनाव में कांग्रेस कितनी सीटें जीतेगी इस बारे में उन्होंने कुछ भी बताने से इनकार किया। आजाद ने कहा कि 2014 में सत्ता में आने के बाद भाजपा ‘‘पूरी तरह बेनकाब’’ हो गयी है क्योंकि उसने समाज में ‘‘नफरत फैलाने और बांटने’’ की अपनी विचारधारा का अनुसरण किया है। उन्होंने कहा कि ‘‘पूंजीपतियों और उद्योपतियों’’ की पार्टी के तौर पर भाजपा सरकार की नीति और सिद्धांत का खुलासा हो गया है। आजाद ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने ‘‘अमीर-समर्थक’’ नीति का पालन किया है।

इसे भी पढ़ें: मणिशंकर और पित्रोदा को कांग्रेस ने अपनी हार की जिम्मेदारी लेने का काम सौंपा है: मोदी

उन्होंने कहा कि समाज के सभी प्रमुख वर्ग किसान, युवा, महिलाएं और मजदूर आज केंद्र सरकार की ‘‘गलत’’ नीति के चलते निराश हैं। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने युवाओं को पांच साल में 10 करोड़ नौकरी का वादा किया गया था लेकिन इसके बजाय नोटबंदी और जीएसटी को गलत तरीके से लागू किये जाने के कारण 4.73 करोड़ नौकरियां छिन गयीं। विज्ञान संबंधी मुद्दों पर प्रधानमंत्री के बयान को लेकर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि ‘‘विज्ञान के संबंध में प्रधानमंत्री के बयान को देखने के बाद मैं समझता हूं कि मुझे आत्महत्या कर लेनी चाहिए।’’ आजाद ने कोलकाता में मंगलवार को अमित शाह के रोड शो के दौरान भाजपा एवं तृणमूल समर्थकों के बीच झड़प में बंगाल नवजागरण के अहम नेता एवं जाने माने दार्शनिक ईश्वर चंद्र विद्यासागर की आवक्ष प्रतिमा को तोड़े जाने की निंदा की और कहा कि इसके लिये जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

प्रमुख खबरें

Kartavya Trailer Out | नेटफ्लिक्स के नए क्राइम ड्रामा में सैफ अली खान का दिखा इंटेंस लुक, फर्ज और परिवार के बीच फंसे पवन

Cheteshwar Pujara की युवा बल्लेबाज Vaibhav Suryavanshi को सलाह, मौका मिले तो Test Cricket जरूर खेलना

BJP शपथ ग्रहण से पहले Kolkata High-Alert पर, Brigade Ground में 4000 पुलिसकर्मियों का पहरा

Summer Vacation में बच्चों को फोन से रखें दूर, ये Creative DIY Ideas खत्म करेंगे आपकी टेंशन