By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 26, 2023
नेपाल के नागर विमानन प्राधिकरण ने मंगलवार को फ्लाईदुबई एयरलाइन के दो प्रबंधकों के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (टीआईए) में प्रवेश करने पर रोक लगा दी। दोनों पर खाड़ी देश की एयरलाइन के एक विमान से “पक्षी के टकराने की अफवाह” फैलाने का आरोप है। काठमांडू हवाई अड्डे से सोमवार को 168 लोगों को लेकर उड़ान भरने वाला फ्लाईदुबई का विमान मंगलवार सुबह दुबई में सुरक्षित उतरा। उड़ान भरने के बाद विमान के एक इंजन में खराबी आ गई थी। फ्लाईदुबई की काठमांडू-दुबई उड़ान में सोमवार रात 9 बजकर 20 मिनट पर उड़ान भरते वक्त दिक्कत आ गई।
लेकिन फ्लाईदुबई के आधिकारिक पृष्ठ पर दावा किया गया कि विमान एक पक्षी से टकराया था। नेपाल के नागर विमानन प्राधिकरण (सीएएएन) ने दावे को खारिज कर दिया और कहा कि घटना के दौरान विमान से कोई पक्षी नहीं टकराया। सीएएएन ने फ्लाईदुबई के दो प्रबंधकों के खिलाफ कार्रवाई की है। सीएएएन ने एक बयान में कहा, “जैसा कि फ्लाईदुबई के दो प्रबंधकों ने अफवाह फैलाई कि काठमांडू-दुबई उड़ान से एक पक्षी टकरा गया था, फ्लाईदुबई के देश में प्रबंधक और हवाई अड्डे के प्रबंधक के खिलाफ कार्रवाई की गई है।” सीएएएन के अनुसार, फ्लाईदुबई के दोनों प्रबंधकों को हवाईअड्डे में प्रवेश करने से प्रतिबंधित कर दिया गया है और उनके हवाईअड्डे के पास भी निष्क्रिय कर दिए गए हैं।