बाढ़ प्रभावित Nepal में राहत कार्य: Drone की मदद से दुर्गम इलाकों से पहुंचाए गए शव

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 02, 2026

काठमांडू, दो सितंबर बाढ़ से तबाह नेपाल के पहाड़ी इलाकों में ड्रोन अब केवल हवाई तस्वीरें खींचने या नक्शे बनाने तक सीमित नहीं रह गए हैं बल्कि वे शवों को भी घरों तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं। ‘द काठमांडू पोस्ट’ में बुधवार को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, इस सप्ताह नुवाकोट के देवीघाट-3 से सात शवों को ड्रोन के जरिए देवीघाट-5 पहुंचाया गया। यह इलाका इतना दुर्गम और खतरनाक था कि बचावकर्मी वहां सुरक्षित रूप से नहीं पहुंच सकते थे।

नेपाल में ड्रोन अब केवल फोटोग्राफी और मानचित्रण के उपकरण नहीं रह गए हैं, बल्कि आपदा के समय जीवन रक्षक साधन बनते जा रहे हैं। ये कटे हुए इलाकों में भोजन और दवाइयां पहुंचाने, दुर्गम स्थानों पर जीवित बचे लोगों की तलाश करने और ऐसे स्थानों से शव निकालने में मदद कर रहे हैं, जहां बचावकर्मियों के लिए पहुंचना बेहद जोखिम भरा है। सबसे अधिक प्रभावित इलाकों में शामिल देवीघाट-3 में हाल ही में कृत्रिम मेधा(एआई) से लैस एक ड्रोन ने फंसे हुए ग्रामीणों के ऊपर उड़ान भरी।

ड्रोन में लगे लाउडस्पीकर के जरिए लोगों से पूछा गया- क्या आपके पास पानी है? भोजन है? दवा है?

ग्रामीणों से जवाब देने के लिए हाथ उठाने को कहा गया। ड्रोन पायलट और एयरलिफ्ट टेक्नोलॉजी के निदेशक मिलन पांडे ने रिपोर्ट में कहा, ‘‘ग्रामीणों की प्रतिक्रिया के आधार पर हम उनकी जरूरतों का आकलन करते हैं और फिर ड्रोन के जरिए सामान भेजते हैं।’’ ड्रोन ने लोगों से फोन नंबर या पता बताने को भी कहा, इससे ड्रोन संचालकों को उनकी स्थिति और जरूरतों की पहचान करने में मदद मिली। हाल की बाढ़ जैसी आपदा में यह व्यवस्था बेहद उपयोगी साबित हुई क्योंकि सड़कें और पुल बह गए हैं तथा उफनती नदियों के कारण कई समुदाय एक-दूसरे से कट गए हैं।

पांडे ने कहा, ‘‘हमने तीन दिनों में प्रभावित इलाकों में भोजन समेत कम से कम 1.5 टन आपातकालीन सामग्री पहुंचाई।’’ एक अन्य अभियान में ‘ऊपरी त्रिशूली-1’ जलविद्युत परियोजना की सुरंग के अंदर ड्रोन भेजा गया, जहां बाढ़ के बाद बड़ी संख्या में मजदूरों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही थी। ड्रोन संचालक आदर्श भुसाल ने कहा, ‘‘हम परियोजना के प्लेटफॉर्म-1 तक पहुंचे और देखा कि सुरंग पानी और मलबे से भरी हुई थी। अंदर जाना जोखिम भरा और चुनौतीपूर्ण था।’’ उन्होंने बताया कि ड्रोन को सुरंग के अंदर जीवन के कोई संकेत नहीं मिले।

नेपाल के स्वतंत्र बिजली उत्पादक संघ के अनुसार, त्रिशूली और भोटेकोशी नदियों के किनारे स्थित विभिन्न जलविद्युत परियोजनाओं में करीब 900 मजदूरों के लापता होने की सूचना है। नेपाल में ड्रोन तकनीक का विकास 2015 के भूकंप के बाद शुरू हुआ, जब अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों ने नुकसान का आकलन और राहत कार्यों के लिए इस तकनीक का इस्तेमाल किया था। अब इस क्षमता को नेपाली कंपनियां और युवा ड्रोन विशेषज्ञ आगे बढ़ा रहे हैं।

प्रमुख खबरें

CSK Head Coach पर Ruturaj Gaikwad का बड़ा बयान: अभी कोई जल्दबाजी नहीं, IPL से पहले होगा फैसला

Expired Food सेहत के लिए जहर: पहचानें धोखाधड़ी, FSSAI के नियम क्या कहते हैं? Health Risk

Mehbooba Mufti ने प्रशासन पर साधा निशाना, NC और BJP के प्रदर्शनों पर उठाए सवाल

अपनी थेरेपी छोड़िए और इसे देखिए, Kangana Ranaut ने Hanuman Ansh को बताया सत्संग, दर्शकों से की फिल्म देखने की खास अपील