Nepal Flood: Bhotekoshi नदी में जलस्तर बढ़ने के बाद दूसरी लहर की चेतावनी जारी

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 28, 2026

शिरीष बी प्रधान काठमांडू, 28 अगस्त नेपाल के भोटेकोशी नदी क्षेत्र में जलस्तर बढ़ने के कारण अधिकारियों द्वारा शुक्रवार को जारी नई चेतावनी के साथ ही इस हिमालयी देश में भीषण बाढ़ की दूसरी लहर का खतरा मंडराने लगा है। इस बीच बाढ़ से जुड़ी इस त्रासदी में मृतकों की संख्या बढ़कर 547 पहुंच गयी है। राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीआरआरएमए) ने कहा कि उसी स्थान पर जलस्तर बढ़ने से इलाके में एक बार फिर बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है।

इससे पहले, तिब्बत की तरफ एक बांध के फिर से टूटने की खबर मिलने के बाद नेपाल पुलिस ने भी अलर्ट जारी किया है। नेपाल पुलिस ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ऐसी सूचना है कि तिब्बत की ओर एक बांध फिर से टूट गया है।’’ हालांकि, नेपाल सरकार ने स्पष्ट किया कि किसी बांध के टूटने की कोई जानकारी नहीं है। ‘ऑनलाइनखबर’ वेबसाइट के अनुसार, सरकारी प्रवक्ता एवं शिक्षा मंत्री सस्मिता पोखरेल ने शुक्रवार को कैबिनेट बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहीं भी बांध टूटने की किसी भी जानकारी से इनकार किया है।

पोखरेल ने कहा, ‘‘किसी बांध के टूटने की कोई सूचना नहीं है। चूंकि ग्लेशियर फटे हैं, इसलिए कई जगहों पर मिट्टी-युक्त पानी उमड़कर बह रहा है।’’ उन्होंने कहा कि तत्काल कोई बड़ा जोखिम नहीं देखा गया है, लेकिन सतर्क रहना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सरकार विदेश मंत्रालय के माध्यम से चीन की सरकार के साथ निरंतर संपर्क बनाए हुए है और उसे सूचित किया गया है कि कोई बड़ा जोखिम नहीं है।

‘द राइजिंग नेपाल’ दैनिक समाचार-पत्र की रिपोर्ट के अनुसार, चीनी अधिकारियों ने भी कहा है कि नेपाल के रसुवा जिले के भोटेकोशी नदी क्षेत्र में पानी का बहाव बढ़ गया है, लेकिन उन्होंने यह स्पष्ट किया कि ऊपरी हिस्से में बनी झील स्थिर है और वह टूटी नहीं है। रिपोर्ट में नेपाल के विदेश मंत्रालय के अधिकारियों के हवाले से कहा गया है कि चीनी पक्ष ने कहा है कि ऊपरी इलाकों में जलप्रवाह में वृद्धि हिमस्खलन के कारण हुई थी, लेकिन नदी का रास्ता रुकने के बाद बनी झील का तटबंध टूटा नहीं है। रिपोर्ट के अनुसार, चीनी पक्ष ने कहा कि झील का आकार बढ़ रहा है और पानी लगातार ‘ओवरफ्लो’ हो रहा है, लेकिन झील में कोई बड़ी हलचल नहीं आई है।

इसमें कहा गया है कि बड़े पैमाने पर बाढ़ का कोई तत्काल जोखिम नहीं है और स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है। नेपाल के जल विज्ञान और मौसम विज्ञान विभाग ने बृहस्पतिवार को नेपाल-चीन सीमा के पास एक नयी झील बनने के बाद भोटेकोशी नदी के निचले इलाकों में बाढ़ के नये खतरे की चेतावनी दी थी। इससे पहले, चीनी अधिकारियों ने नेपाल को बताया था कि झील में लगभग 20 लाख घन मीटर पानी जमा हो गया है और अगले तीन दिनों में इसमें 30 लाख घन मीटर और पानी आ सकता है, जिससे बाढ़ का खतरा पैदा हो सकता है।

यह झील छोचेन खोला और पुरेपु त्सांगपो नदियों के संगम के पास बनी है। ये नदियां तिब्बत से निकलती हैं और भोटेकोशी नदी की सहायक नदियों के तौर पर नेपाल में बहती हैं।

प्रमुख खबरें

IIT Indore अध्ययन: विरोध स्थलों की दूरी और पहुंच तय करती है लोकतांत्रिक प्रदर्शनों का असर

Jayant Chaudhary ने Delhi में जारी प्रदर्शनों पर उठाया सवाल, पुलिस सुरक्षा का किया बचाव

राजस्थान में कथित पुलिस ज्यादती के खिलाफ कॉजपा 10 दिन में करेगी बड़ा आंदोलन

MP Voter List: मतदाता बनने के लिए उमड़े युवा, Form 6 के मिले 4 लाख से अधिक आवेदन