Nepal Floods पर शिशिर खनाल ने भारत की मदद के लिए जताया आभार, राहत कार्य जारी

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 30, 2026

शिरीष बी प्रधान काठमांडू, 29 अगस्त नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने देश में गत बुधवार को अचानक आई विनाशकारी बाढ़ के बाद भारत समेत अंतरराष्ट्रीय समुदाय द्वारा दिये गए समर्थन और मदद के लिए शनिवार को आभार जताया। इस प्राकृतिक आपदा में 650 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और करीब 2400 लोग अब भी लापता हैं। खनाल ने राष्ट्रीय और विदेशी मीडिया में चल रही उन खबरों को भी खारिज कर दिया जिनमें कहा गया था कि नेपाल ने अंतरराष्ट्रीय मदद और समर्थन लेने से इनकार कर दिया है।

नेपाल को खोज और बचाव कार्यों के लिए विदेशी मदद की जरूरत के सवाल पर उन्होंने कहा कि सरकार मित्र देशों से खास और विशेष मदद स्वीकार करेगी। खनाल ने शुक्रवार को कहा था, ‘‘अंतरराष्ट्रीय मदद को स्वीकार करने से इनकार नहीं किया गया था बल्कि बचाव की रणनीति राष्ट्रीय क्षमता, तत्काल जरूरत और नेपाल की अनोखी भौगोलिक स्थिति के आधार पर तय की गई थी।’’ उन्होंने कहा था, ‘‘चूंकि अनजान इलाके में बाहरी बचाव दल को तैनात करने से तालमेल और तकनीकी प्रबंधन में जटिलता आ सकती है और इससे अप्रत्याशित जोखिम भी पैदा हो सकते हैं, इसलिए बचाव अभियान देश की उपलब्ध क्षमता का इस्तेमाल करके ही चलाए गए।’’ बुधवार को नेपाल-तिब्बत सीमा के पास ग्लेशियर के टूटने से बर्फ और चट्टानों का मलबा नीचे की ओर बहा और इसकी चपेट में आए कस्बे और गांव तबाह हो गए। अचानक आई इस बाढ़ ने घरों, गाड़ियों, सड़कों और पुलों को बहा दिया और पनबिजली परियोजनाओं को भी नुकसान पहुंचाया।

नेपाल के वित्त मंत्री स्वर्णिम वागले ने भी संकट के समय मदद करने की भारत की कोशिशों की तारीफ की और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ‘बेहद उदार’ बताया। वागले ने ‘पीटीआई वीडियो’ से बातचीत में कहा कि भारत ने संकेत दिया है कि वह पुनर्निर्माण कार्य में पूरी मदद करेगा। भारत ने अब तक नेपाल के बाढ़ प्रभावित इलाकों में 57.6 टन राहत सामग्री भेजी है।

काठमांडू के अनुरोध पर, स्थानीय अधिकारियों की मदद के लिए चिकित्सा कर्मी और सुरंग बचाव विशेषज्ञों से युक्त 11 सदस्यों की एक भारतीय टीम भी नेपाल पहुंची है।

प्रमुख खबरें

Air India के नए CEO ने खर्च घटाने के लिए बनाई टीम, सुझाव देने वाले कर्मियों को मिलेगा इनाम

PM Modi ने Ladakh के युवाओं को दी सौगात, Leh में बनेगा बड़ा Center of Excellence

Mansa में नशा विरोधी कार्यकर्ता की हत्या के बाद SHO Beant Kaur निलंबित

Supreme Court का फैसला: Islam अपनाने वाले पिछड़े हिंदू नहीं ले सकते पूर्व स्थिति पर Reservation