By रेनू तिवारी | Jun 06, 2026
भारत और अफ़गानिस्तान के बीच खेले जा रहे एकमात्र ऐतिहासिक टेस्ट मैच का बिगुल न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में बज चुका है। मल्टी-फॉर्मेट सीरीज़ के इस इकलौते टेस्ट मैच में टॉस का बॉस भारत बना है। भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का साहसिक फ़ैसला किया है। इस मुकाबले में भारतीय खेमे से बड़ी खबर यह है कि युवा स्पिन ऑलराउंडर मानव सुथार को टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू करने का सुनहरा मौका मिला है। यह टेस्ट मैच हालांकि मौजूदा आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) साइकल का हिस्सा नहीं है, लेकिन दोनों टीमों के लिए अपनी ताकत आजमाने और नए संयोजन को परखने का यह बेहतरीन मंच है।
टॉस के समय शुभमन गिल की बात
टॉस जीतने के बाद, भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने घरेलू मैदान पर भारतीय टीम की कप्तानी करने के अनुभव और पिच के मिज़ाज के बारे में बात की।
गिल ने टॉस के समय कहा "हम पहले बल्लेबाज़ी करेंगे। यहाँ बहुत गर्मी और उमस है, इसलिए मुझे लगता है कि जैसे-जैसे समय बीतेगा, विकेट धीमा और नीचा होता जाएगा। पिच अच्छी लग रही है। मुझे लगता है कि गर्मी की वजह से यह थोड़ी सूखी है। पिछले कुछ हफ़्तों से यहाँ बहुत गर्मी रही है और मुझे लगता है कि आगे भी ऐसा ही रहेगा। (घरेलू मैदान पर पहली बार कप्तानी करने पर कैसा लग रहा है?) बहुत खास। ज़ाहिर है, मैं यहीं पास में ही बड़ा हुआ हूँ। यहीं खेलकर बड़ा हुआ हूँ और हमेशा अपने होमटाउन में खेलना चाहता था। इसलिए मुझे लगता है कि अपने घरेलू मैदान पर पहली बार देश की कप्तानी करना बहुत बड़े सम्मान और सौभाग्य की बात है।
दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन (Playing XI)
भारतीय टीम में दो विकेटकीपर बल्लेबाजों (ऋषभ पंत और ध्रुव जुरेल) को जगह मिली है, जबकि कुलदीप यादव, वॉशिंगटन सुंदर और डेब्यूटांट मानव सुथार के रूप में मजबूत स्पिन अटैक उतारा गया है।
अफगानिस्तान (प्लेइंग इलेवन): सेदिकुल्लाह अटल, रहमानुल्लाह गुरबाज़, अब्दुल मलिक, रहमत शाह, हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), अफसर ज़ज़ई (डब्ल्यू), अज़मतुल्लाह उमरज़ई, शराफुद्दीन अशरफ, नांगेयालिया खारोटे, जियाउर रहमान शरीफी, मोहम्मद सलीम सफी
भारत (प्लेइंग इलेवन): केएल राहुल, यशस्वी जयसवाल, साई सुदर्शन, शुबमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल, वाशिंगटन सुंदर, मानव सुथार, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा