नए सरकार आने वाले हैं (व्यंग्य)

By संतोष उत्सुक | Feb 19, 2022

चाहे यह मान लिया जाए कि ओमिक्रोनजी अब जाने को तैयार हैं लेकिन नए सरकार तो आकर ही रहेंगे । काफी कुछ ठिठुरा चुकी सर्दी में नए सरकार ने योजनाबद्ध तरीके से कयासों के हीटर लगवा दिए गए हैं जिसे समझदार जनता इत्मीनान से सेंक रही है। यह हीटर तब तक जलेंगे जब तक सरकार बन न बैठे और वोटरों को बनाना शुरू न कर दे। विवादवार में पार्टियां राजनीति का उच्चतम स्तर पहले ही कायम कर चुकी हैं। वायदे इरादे बांटे जा चुके हैं, आम आदमी हर बार की तरह इस बार भी बेसुध होकर मुग्ध हो चुका है। गज, फुट और इंच जैसे नेताओं के वायदे हज़म करने का अभ्यास अब सभी को है। दिग्गज दिमागों में सरकार साकार हो चुकी है। संभावित मंत्रालयों से किस किस की गोद भराई होगी यह लगभग तय हो लिया है। जिन अफसरान का तबादला आशंकित व संभावित है, वे मानसिक व शारीरिक स्तर पर तैयार होने लगे हैं।

इसे भी पढ़ें: पूजा के मगरमच्छ (व्यंग्य)

कई घिसेपिटे, पुराने, धोखा खाए, पैसा लुटाए और साथ-साथ शरीर तुड़वाए पूर्व राजनीतिज्ञ भी मानते हैं कि जिन नक्षत्रों में आम वोटरों ने जन्म लिया व जिन निम्न स्तरीय, नारकीय जीवन परिस्थितियों में जी रहे हैं, से उन्हें भगवान के सामने दिन रात की गई लाखों प्रार्थनाएं नहीं निकाल सकीं, हाथ पसार कर वोट मांगने वाला, दिल का मैला व्यक्ति कैसे निकाल सकता है। हम हर बार कहते हैं लोकतंत्र की जीत हुई लेकिन ऐसा नहीं है हम सब मिल कर लोकतंत्र को हराते हैं। हमारे देश के हर चुनाव में आशा, विश्वास, मानवता, धर्म की भी हार ही होती है। इस बारे स्वतंत्र भारत के दशकों पुराने स्वर्णिम इतिहास पर विश्वास किया जाता है। हर बार की तरह, इस बार भी नए सरकार मुस्कुराते हुए, ठाठ से जन्म लेने वाले हैं। यह सामयिक सच, झूठ मान लिय़ा गया है कि अधिकतर नेताओं द्वारा भाग्य तो अपना, अपना, अपना, अपने वफादारों या सरमाएदारों का ही बदला जा सकता है। असली भाग्य विधाता तो हमेशा की तरह ताक़त और पैसा है जिसने कोरोना परिवार को भी डरा रखा है। आने वाले सरकार के निर्माता सब कुछ जानते हैं।  

- संतोष उत्सुक

प्रमुख खबरें

Allahabad High Court ने हमीरपुर में स्कूल सड़क के लिए Forest NOC देने का आदेश दिया

Raipur Police के खिलाफ ईसाई संगठन का मोर्चा, दुर्व्यवहार के आरोप में कार्रवाई की मांग

JPNIC Lucknow के संचालन और रखरखाव को UP Cabinet की मंजूरी, 30 साल की लीज पर दिया

Kurukshetra Murder: महिला ने तीन चाकुओं से की पति की हत्या, जांच जारी