नया साल हमारा नहीं (व्यंग्य)

By संतोष उत्सुक | Jan 03, 2024

नया साल शुरू हुए काफी घंटे बीत चुके हैं लेकिन बहुत हैरान हूं। अब तक धर्मपत्नी ने, ‘चल कहीं दूर निकल जाएं’ गुनगुनाते हुए, पांच सितारा डिनर की फरमाइश नहीं की। लगता है वह शिमला और मनाली पहुंची हज़ारों गाड़ियों की भीड़ देखकर सुधर गई। पिछले साल हमने मुश्किल से मिले एक ‘शानदार’ रिसोर्ट में महंगे खान पान के साथ उन्हीं घिसे पिटे गानों पर वही घिसा पिटा डांस किया था। हमने पत्नी से कहा अभी तो साल शुरू हुआ है, चल कहीं दूर निकल जाएं। वह स्पष्ट बोली नया साल ऐसे नहीं मनाएंगे। नाराज़ तो नहीं हो, हमने पूछा, बोली नाराज़ होती तो आप इस हालत में नहीं होते। दरअसल अब मैं भारतीय संस्कृति में ख़ासी दिलचस्पी ले रही हूँ। कुछ दिन पहले ही उन्हें पता चला कि इक्कतीस दिसम्बर की रात को मनाए जाने वाले नए साल में हम भारतीयों का कुछ नहीं है। यह सब कुछ पाश्चात्य संस्कृति का हिस्सा है।

इसे भी पढ़ें: नया साल मनाने के लिए (व्यंग्य)

हमने कहा प्रिय, विकासजी व बदलावजी के कहने पर काफी दूर आ गए हैं जहां से लौटना मुश्किल है। वह सिर उठाकर बोली, अब मैंने यह दृढ़ संकल्प लिया है कि कुछ तो अपना दोबारा अपनाना चाहिए। विदेशियों का नया साल तो तारीख बदलने पर खानेपीनेनाचने गाने का बहाना है। हमारा नया साल तब होता है जब वसंत ऋतु आती है, सरसों के खेत लुभाते व पेड़ पौधे फूलों से लदने लगते हैं। अपना नया साल ज्योतिषी से पूछ कर मनाओगी। क्या हर्ज़ है, जब अमीर, पढ़े लिखे, नेता, अभिनेता, व्यवसायी पचांग दिखवाते हैं तो जीवन का नया साल शुरू करने के लिए क्यूँ नहीं। हमने पूछा जनाब, बता सकती हैं कि हमारा नया साल कब होगा। घोषणा हुई, सही समय पर बताएंगे, ध्यान रखना उस दिन हम आपसे एक महंगी बनारसी साड़ी उपहार में लेंगे, जिसे पहनकर, ‘चल कहीं दूर निकल जाएं’, भी गाएंगे और जाएंगे भी। हमें लग रहा है, आ चुका रहा नया साल हमारा नहीं रहा।

- संतोष उत्सुक

प्रमुख खबरें

World Cup के बीच Barcelona में बड़ी हलचल, Lamine Yamal के बयान से Transfer Market में मची खलबली

अमेरिकी बेस पर Iran का बड़ा Missile Attack, Jordan ने हवा में ही किया नाकाम, तनाव चरम पर

Sanju Samson को बाहर करने पर R Ashwin का BCCI पर बड़ा हमला, बोले- यह सरासर नाइंसाफी है

Argentina की जीत पर Egypt का हंगामा, रेफरी विवाद पर FIFA का कड़ा जवाब- हमारे फैसलों पर सवाल न उठाएं।