एनआईए ने खालिस्तानी आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई तेज की, पांच आतंकियों पर इनाम घोषित

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 20, 2023

खालिस्तानी आतंकवादियों के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज करते हुए राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने बुधवार को हरविंदर सिंह संधू उर्फ ‘रिंदा’ और लखबीर सिंह संधू उर्फ ‘लांडा’ सहित प्रतिबंधित संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) के पांच सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए सूचना देने वाले को नकद इनाम दिए जाने की घोषणा की। संघीय एजेंसी ने रिंदा और लांडा प्रत्येक के लिए 10 लाख रुपये के इनाम और परमिंदर सिंह खैरा उर्फ ‘पट्टू’, सतनाम सिंह उर्फ ‘‘सतबीर सिंह’’ और यादविंदर सिंह उर्फ ‘‘यद्दा’’ पर पांच लाख रुपये के नकद इनाम की घोषणा की।

अधिकारी ने कहा, ‘‘उन्होंने भारत के विभिन्न हिस्सों में अपनी आतंकी गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न देशों में अपने गुर्गों का एक नेटवर्क भी स्थापित किया है।’’ मूल रूप से महाराष्ट्र का निवासी रिंदा आतंकवादी सूची में शामिल है और बीकेआई का सदस्य है। वह पाकिस्तान में रह रहा है। वहीं, लांडा, खैरा, सतनाम और यादविंदर पंजाब के निवासी हैं। प्रवक्ता ने टेलीफोन और व्हाट्सएप नंबर साझा करते हुए कहा, ‘‘पांच वांछित आतंकवादियों की गिरफ्तारी से जुड़ी कोई भी विशेष जानकारी नयी दिल्ली में एनआईए मुख्यालय या चंडीगढ़ में एनआईए शाखा कार्यालय के साथ साझा की जा सकती है।’’

इस बीच, एनआईए ने देश में आतंकी-गैंगस्टर नेटवर्क को खत्म करने के लिए पिछले साल दर्ज दो मामलों की जांच में वांछित 54 व्यक्तियों की तस्वीरों के साथ दो सूची सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा कीं। एक सूची में 11 व्यक्तियों और दूसरे में 43 व्यक्तियों का नाम शामिल है। इस सूची में गोल्डी बराड़, लॉरेंस बिश्नोई, अनमोल बिश्नोई और अर्शदीप सिंह गिल सहित कई वांछित गैंगस्टर शामिल हैं। एजेंसी ने मोबाइल नंबर साझा करते हुए कहा, ‘‘यदि आपके पास इनके नाम पर या इनके सहयोगियों, दोस्तों और रिश्तेदारों के स्वामित्व वाली संपत्तियों/परिसंपत्तियों/व्यवसाय के बारे में कोई जानकारी है, तो कृपया व्हाट्सऐप पर सूचित करें।

प्रमुख खबरें

Mumbai में बिना अनुमति प्रदर्शन पर Tushar Gandhi और Imran Khan समेत 400 हिरासत में

Delhi में CEC के खिलाफ प्रदर्शन से पहले Abhijeet Dipke और कई नेता हिरासत में

Kochi में स्पा में नौकरी के बहाने सामूहिक दुष्कर्म, मंत्री Bindu Krishna ने पीड़िता को दिया न्याय का भरोसा

CEC के खिलाफ प्रदर्शन में अरविंद केजरीवाल और ममता बनर्जी समेत कई विपक्षी नेता हिरासत में लिए गए