Manipur में आतंकी साजिश पर NIA का शिकंजा, Myanmar के विद्रोही गुटों की जांच शुरू

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 28, 2026

राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने मणिपुर में कथित आतंकी गतिविधियों में म्यांमा के जातीय सशस्त्र संगठनों और अन्य भारत-विरोधी तत्वों की भूमिका की नये सिरे से जांच शुरू की है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ये जातीय सशस्त्र संगठन भारत में प्रतिबंधित और विद्रोही समूहों को हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री की आपूर्ति कर रहे हैं।

मणिपुर में आतंकी घटनाओं के पीछे की एक बड़ी साजिश का पर्दाफाश करने के लिए, केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देश पर एनआईए ने इस संबंध में एक प्राथमिकी दर्ज की है। एजेंसी पहले से ही म्यांमा में जातीय सशस्त्र समूहों को प्रशिक्षण देने में अमेरिकी नागरिक मैथ्यू ए. वैन डाइक और यूक्रेन के छह नागरिकों की कथित संलिप्तता की जांच कर रही है। इन सातों लोगों को इस साल की शुरुआत में एनआईए ने भारत से म्यांमा में अवैध रूप से प्रवेश करने के आरोप में गिरफ्तार किया था।

अमेरिकी नागरिक फिलहाल जमानत पर है। नवीनतम प्राथमिकी के अनुसार, म्यांमा से सक्रिय कुछ जातीय सशस्त्र संगठन और अन्य भारत-विरोधी तत्व प्रतिबंधित आतंकवादी समूहों और विद्रोही संगठनों -- पीपुल्स लिबरेशन आर्मी, पीपुल्स रिवोल्यूशनरी पार्टी ऑफ कांगलेईपाक, पीपुल्स रिवोल्यूशनरी पार्टी ऑफ कांगलेईपाक-प्रोग्रेसिव आदि -- के साथ मिलकर आपराधिक साजिश रच रहे हैं तथा मणिपुर में आतंकी गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं। प्राथमिकी में कहा गया है कि ये संगठन गुप्त माध्यमों से धन जुटा रहे हैं और उपलब्ध करा रहे हैं।

इनका मकसद इन हथियारों, गोला-बारूद, विस्फोटकों और धन का इस्तेमाल भारत के भीतर आतंकी घटनाओं को अंजाम देने के लिए करना है। प्राथमिकी में कहा गया है कि ये संगठन आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की साजिश रच रहे हैं। इनमें निर्दोष नागरिकों की लक्षित हत्या करना और सुरक्षा बलों पर हमले करना शामिल है।

इसका मकसद इलाके के अलग-अलग जातीय समुदायों के बीच दुश्मनी और नफरत भड़काना, हिंसा और लोगों के विस्थापन को बढ़ावा देना, और आम लोगों के बीच दहशत फैलाना है। मई 2023 से मणिपुर में मेइती और कुकी समुदायों के बीच जातीय तनाव देखने को मिल रहा है। इस जातीय संघर्ष में अब तक कम से कम 306 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 49 लोग लापता हैं और हजारों लोग बेघर हो गए हैं।

प्रमुख खबरें

Gurugram में बिना वैध वीजा-पासपोर्ट रह रहे 27 बांग्लादेशी डिपोर्ट, ट्रेन से भेजे गए वापस

Feng Shui अनुसार घर में Fish Aquarium रखने के नियम, सही दिशा और 9 मछलियों का महत्व

Afghanistan के कुनार में स्कूल के पास भीषण विस्फोट: 7 लोगों की मौत, 90 से अधिक घायल, खनन विस्फोटकों के भंडार में लापरवाही की आशंका

Rajnath Singh ने Congress पर साधा निशाना, कहा चुनावी हार से हताश होकर संस्थाओं को कर रहे कमजोर