By अंकित सिंह | Jul 09, 2025
गुजरात में गंभीरा पुल के ढह जाने के बाद बुधवार को वाहनों के महिसागर नदी में गिर जाने से कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई और छह लोग घायल हो गए। गुजरात के गृह मंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि 9 शव बरामद कर लिए गए हैं और 6 लोगों को बचा लिया गया है। सीएम ने सुबह ही एक उच्च समिति को घटनास्थल पर भेजा और उन्होंने जल्द से जल्द रिपोर्ट मांगी है। इसे बेहद गंभीरता से लेते हुए सीएम ने सड़क एवं भवन विभाग की एक टीम और अन्य टीमों को वहां जाकर ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि गुजरात के वडोदरा जिले में एक पुल के ढहने से हुई जान-माल की हानि बेहद दुखद है। उन्होंने प्रत्येक मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक्स पर लिखा कि गुजरात के वडोदरा जिले में एक पुल के ढहने से हुई जान-माल की हानि बेहद दुखद है। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति संवेदना। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूँ। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएँगे।