By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 17, 2026
बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने मंगलवार को कहा कि जनता दल-यूनाइटेड (जदयू) निशांत कुमार को पार्टी और सरकार में बड़ी जिम्मेदारी मिलने से बेहद खुश होगी। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के बेटे निशांत फिलहाल राज्य सरकार में मंत्री हैं। पटना में पार्टी कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का आभार जताया।
उन्होंने गंगा पर बन रहे पुल का नाम नीतीश के नाम पर ‘नीतीश सेतु’ रखे जाने के फैसले की सराहना की। प्रधानमंत्री मोदी 21 नवंबर को इस पुल का उद्घाटन करने वाले हैं। चौधरी ने परियोजना का श्रेय लेने की राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की कोशिशों पर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा, “हम प्रधानमंत्री के आभारी हैं, जो 21 नवंबर को इस पुल का उद्घाटन करने वाले हैं। उन्होंने पुल का नाम ‘नीतीश सेतु’ रखने पर सहमति जताई है। यह परियोजना बिहार के लिए हमारे नेता के दृष्टिकोण का प्रतीक है।
नीतीश कुमार के उत्तराधिकारी के रूप में मुख्यमंत्री बने सम्राट चौधरी भी उनकी विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। इस प्रस्ताव को मंजूरी देने के लिए हम उनके भी आभारी हैं।” चौधरी ने पुल का नाम ‘नीतीश-लालू सेतु’ रखने की राजद नेताओं की मांग पर नाराजगी जताई। राजद नेताओं का तर्क है कि इस पुल से राघोपुर विधानसभा क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
राघोपुर सीट का प्रतिनिधित्व पहले राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव कर चुके हैं, जबकि वर्तमान में उनके बेटे और पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी यादव यहां से विधायक हैं। चौधरी ने कहा, “मैं इस तरह की मांग से हैरान हूं और इससे भी ज्यादा हैरानी की बात यह है कि इस मांग को चर्चा के योग्य समझा जा रहा है।” जदयू नेता ने राजद के इस दावे को खारिज किया कि तेजस्वी यादव को भी इस परियोजना का श्रेय मिलना चाहिए, क्योंकि उपमुख्यमंत्री रहते हुए उनके पास पथ निर्माण विभाग का प्रभार था। चौधरी ने कहा, “भले ही तेजस्वी के पास यह विभाग रहा हो, लेकिन तथ्य यह है कि इस परियोजना पर काम उनके कार्यभार संभालने से काफी पहले शुरू हो गया था और उनके पद छोड़ने के बाद भी जारी रहा।
इस परियोजना का श्रेय केवल नीतीश कुमार को ही दिया जा सकता है। उनके योगदान को स्वीकार करने के लिए हम केंद्र और राज्य सरकार के आभारी हैं।” इस दौरान चौधरी से स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को सरकार में जल्द ही कोई बड़ी जिम्मेदारी सौंपे जाने की अटकलों के बारे में भी सवाल किया गया। जवाब में उन्होंने कहा, “यह सच है कि नीतीश कुमार के बाद जदयू में हम निशांत कुमार को ही प्रेरणा के रूप में देखते हैं।
उन्होंने पार्टी के कहने पर ही राजनीति में प्रवेश करने का फैसला किया। अगर उन्हें बड़ी जिम्मेदारी मिलती है, तो पार्टी कार्यकर्ता इससे अधिक खुश नहीं हो सकते।” निशांत (45) ने इस साल मार्च में राजनीति में प्रवेश किया था। उनके पिता नीतीश ने मुख्यमंत्री पद छोड़कर राज्यसभा जाने की घोषणा की थी।
उस समय अटकलें लगाई जा रही थीं कि निशांत को नयी सरकार में उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। हालांकि, निशांत ने शुरुआत में मंत्रिमंडल में शामिल होने की इच्छा नहीं जताई थी, लेकिन बाद में पार्टी के दबाव के बाद उन्होंने भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार में मंत्री पद स्वीकार कर लिया। उन्हें स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई।
नयी सरकार में जदयू के विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव को उपमुख्यमंत्री बनाया गया है। इस बीच, ऐसी अटकलें भी लगाई जा रही हैं कि निकट भविष्य में निशांत को पदोन्नत कर उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि इस स्थिति में जदयू के मौजूदा दोनों उपमुख्यमंत्रियों में से किसी एक को पद छोड़ना होगा या नहीं।
जब चौधरी से पूछा गया कि क्या निशांत के उपमुख्यमंत्री बनने पर जदयू में केवल एक ही उपमुख्यमंत्री रह जाएगा, तो उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा, “यह बेतुका सवाल है।” चौधरी ने राज्य के लोगों से शनिवार को वैशाली जिले में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी पुल का उद्घाटन करने के साथ कई अन्य परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे और एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।