भारत में अपनी ई-पावर प्रौद्योगिकी का परीक्षण कर रही है निसान

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 25, 2017

तोक्यो। जापान की प्रमुख वाहन कंपनी निसान ने अपने ई-पावर प्रौद्योगिकी वाले वाहनों का भारत में परीक्षण शुरू कर दिया है। एशियाई बाजार में इलेक्ट्रिक वाहनों की पहुंच बढ़ाने के लिए कंपनी यह परीक्षण कर रही है। निसान भारत सरकार के साथ एक कार्यसमूह में है। कंपनी का मानना है कि दीर्घावधि में भारत इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए एक बड़ा बाजार बन सकता है।

निसान मोटर के सह कार्यकारी उपाध्यक्ष  (वैश्विक बिक्री और विपणन) डेनियल शिलासी ने तोक्यो मोटर शो के मौके पर अलग से बातचीत में कहा, ‘‘हम भारत में ई-पावर के लिए कुछ परीक्षण कर रहे हैं। भारत और इंडोनेशिया दो बड़े देश हैं जहां हम यह परीक्षण कर रहे हैं। कुछ परीक्षण थाइलैंड में भी चल रहा है।’’ निसान की ई-पावर प्रौद्योगिकी में वाहन को चलाने के लिए इलेक्ट्रिक मोटर का इस्तेमाल किया जाता है। लेकिन इसी के साथ इसमें एक छोटा गैसोलीन इंजन भी होता है, जो जरूरत होने पर बैटरी चार्ज करता है। ऐसे में और चार्जर रखने की जरूरत नहीं होती। परीक्षण के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि कंपनी ने यह काम हाल में शुरू किया है।

उन्होंने इसका और ब्योरा देने से इनकार किया। उन्होंने बताया कि स्थानीय इंजीनियर प्रौद्योगिकी को समझने, स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार उसको लागू करने और उसको चलाने पर काम कर रहे हैं। हालांकि, इसके साथ ही उन्होंने कहा कि भारत में इस प्रौद्योगिकी को लेकर काफी संभावनाएं हैं।

प्रमुख खबरें

US H-1B वीज़ा में बड़ा फेरबदल: अब लॉटरी नहीं, स्किल और सैलरी तय करेगी किस्मत

बांग्लादेश में हिंसा भड़की, भारत-बांग्लादेश के बीच बढ़ा अविश्वास, अल्पसंख्यकों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल

Carabao Cup: पेनल्टी में केपा का जादू, आर्सेनल फाइनल की दौड़ में, चेल्सी के खिलाफ अगला मैच

Bharat Coking Coal का IPO जल्द, कोल इंडिया 10% हिस्सेदारी बेचेगी, 1300 करोड़ की होगी डील