Nitin Gadkari की चेतावनी, गलत DPR बनाने वाले सलाहकारों पर होगी कार्रवाई

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 19, 2026

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बुधवार को कहा कि गलत विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने वाले सलाहकार राजमार्गों पर दुर्घटनाओं तथा उससे होने वाली मौत के लिए ‘‘दोषी’’ हैं। उन्होंने ठेकेदारों को निर्माण गुणवत्ता से समझौता करने पर ‘ब्लैकलिस्ट’ करने समेत अन्य कार्रवाई की चेतावनी दी। मंत्री की यह चेतावनी ऐसे समय आई है जब खबरें हैं कि उनका मंत्रालय दो से 2.5 लाख करोड़ रुपये मूल्य की सुरंग परियोजनाओं के लिए निविदाएं तैयार कर रहा है।

उन्होंने कहा कि वित्तीय ऑडिट के अलावा प्रदर्शन का भी ऑडिट होगा और उसके नतीजों के आधार पर ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी तथा उन्हें ‘ब्लैकलिस्ट’ किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इन सब कारणों से आर्थिक नुकसान होता है और सड़क दुर्घटनाओं में लोगों की जान जा रही है। गडकरी ने कहा कि ठेकेदारों और डीपीआर सलाहकारों को रेटिंग दी जाएगी और इसके आधार पर तय किया जाएगा कि उन्हें भविष्य की बोलियों में हिस्सा लेने की अनुमति दी जाए या नहीं।

फिक्की के अनुसार, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय दो लाख करोड़ से 2.5 लाख करोड़ मूल्य की सुरंग परियोजनाओं के लिए निविदाएं तैयार कर रहा है। फिक्की की सड़क एवं राजमार्ग समिति के चेयरमैन एस. परमशिवन ने मंत्री के समक्ष उद्योग से जुड़ी चार प्रमुख चिंताएं रखीं। एफकॉन इन्फ्रास्ट्रक्चर के प्रबंध निदेशक की भी जिम्मेदारी संभालने वाले परमशिवन ने कहा कि सबसे कम बोली (एल1) के आधार पर ठेके देने की अधिकता के कारण निविदाएं अनुमानित लागत से 20 प्रतिशत या उससे अधिक कम दर पर जा रही हैं।

इससे परियोजनाओं की व्यावसायिक व्यवहार्यता और निर्माण गुणवत्ता पर दबाव पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्रालय और सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय में गुणवत्ता-सह-लागत आधारित चयन के प्रावधान पहले से मौजूद हैं, लेकिन उनका बहुत कम इस्तेमाल होता है। उन्होंने जटिल परियोजनाओं और 1,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं में इसे प्राथमिक तरीका बनाने का आग्रह किया।

प्रमुख खबरें

Adani Enterprises और Jabil Inc ने Data Center उपकरणों के लिए 50:50 साझेदारी का प्रस्ताव दिया

Rishabh Pant चोट के कारण India A के शुरुआती दो Test मैचों से बाहर

Formula 1 की अफ्रीका में 33 साल बाद वापसी, Rwanda में होगा African Grand Prix

FIFA की पारदर्शिता पर सवाल, Gianni Infantino को वर्ल्ड कप संस्था से मिले 1.72 मिलियन डॉलर