नीतीश के मंत्री बोले, कुछ के लापरवाह रवैये ने बिहार को मुश्किल में डाल दिया

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 30, 2020

पटना। बिहार के जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा ने राष्ट्रव्यापी बंद :लॉकडाउन: के बावजूद दिल्ली और एनसीआर से बडे पैमाने पर प्रवासी मजदूरों के पलायन पर रविवार को आरोप लगाया कि कुछ लोगों के लापरवाह और अमानवीय रवैये ने न केवल बिहार को मुश्किल में डाल दिया है बल्कि भविष्य में कोरोना वायरस के विस्फोटक खतरे को भी आमंत्रित किया है। झा ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और वहां सत्तासीन आम आदमी पार्टी का नाम लिए बिना उनपर परोक्ष रूप से प्रहार करते हुए रविवार को कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कुछ लोगों की ओछी राजनीति और संकीर्ण मानसिकता के कारण अचानक ही लाखों लोग दिल्ली से पलायन करने लगे जिसकी वजह से बिहार की सीमाएं भर गयी हैं और प्रधानमंत्री का 21 दिनों का लॉकडाउन ही खतरे में पड़ गया है।

इसे भी पढ़ें: बिहार में अन्य राज्यों से आने वाले प्रवासी मजदूरों के लिए आपदा राहत केन्द्र स्थापित

उन्होंने कहा कि इससे कोरोना वायरस के विस्फोटक खतरे को भी आमंत्रित किया है क्योंकि सीमाओं पर खड़ेलोग अब भी अपने गांव-घर जाने पर आमादा हैं। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विश्वासपात्र माने जाने वाले झा ने कहा कि 21 दिनों का लॉकडाउन इसलिए किया गया है, ताकि कोरोना वायरस ना फैले। अगर लोग एक राज्य से दूसरे राज्य आते रहेंगे तो इसके संक्रमण के फैलने का खतरा बढ़ जाएगा। झा ने कहा कि केंद्र सरकार ने सभी राज्य सरकारों को उनके यहां रह रहे सभी प्रवासी नागरिकों, जैसे मजदूर, विद्यार्थी, आदि को हर जरूरी सुविधा व सुरक्षा देते हुए, यातायात व लोगों के पलायन को तुरंत रोकने का निर्देश दिया है। उन्होंने लोगों से अनुरोध किया कि वे जहां हैं, वहीं रहें। सरकार आप तक हर सुविधा पहुंचाएगी। झा ने कहा कि हम बाहर से बिहार आने वाले लोगों का कोराना वायरस टेस्ट करवाएंगे।मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दिशानिर्देश पर राज्य के विभिन्न हिस्सों में सामुदायिक रसोई और आइसोलेशन सेंटर की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि बाहर से बिहार आनेवालों को सीमा पर ही रोक कर उनकी जांच करवायी जा रही है। बिहार सीमा पर आपदा सीमा राहत केंद्र की स्थापना की जा रही है, जहां लोगो को क्वारंटाइन में रखा जा रहा है।

प्रमुख खबरें

बड़ी कंपनी के सामने केंद्र सरकार कैसे हो जाती है लाचार

ऑस्ट्रेलिया के लिए दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने नाथन लियोन, ग्लेन मैकग्राथ को छोड़ा पीछे

Vanakkam Poorvottar: सीमा पर सख़्ती, राज्य में तरक्की, Himanta Biswa Sarma का असम विकास मॉडल बना मिसाल

Sansad Diary: शिवराज ने कांग्रेस को खूब सुनाया, भरे सदन में प्रियंका ने गडकरी से की ये मांग