By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 05, 2024
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पत्नी बुशरा बीबी के निजी चिकित्सक ने जांच के बाद कहा है कि उन्हें (बुशरा बीबी को) कोई जहरीला पदार्थ नहीं दिया गया है। पूर्व प्रधानमंत्री खान द्वारा उनके निजी आवास में कैद में रखे जाने के दौरान बुशरा बीबी को जहर दिए जाने के आरोप लगाने के बाद उनके चिकित्सक का यह बयान आया है। दो अप्रैल को, खान ने अडियाला जेल में तोशाखाना भ्रष्टाचार मामले की सुनवाई के दौरान न्यायाधीश नासिर जावेद राणा से कहा था कि उनकी पत्नी को जहर देने का प्रयास किया गया।
डॉ. असीम यूसुफ ने ‘जियो न्यूज’ से बात करते हुए कहा, इस समय, बुशरा बीबी को जहर दिए जाने का कोई सबूत नहीं है। हम बुशरा बीबी को कोई जहरीला पदार्थ दिए जाने का पता लगाने के लिए कोई चिकित्सीय परीक्षण नहीं कर रहे हैं, क्योंकि ऐसे कोई लक्षण सामने नहीं आए हैं।