By अभिनय आकाश | Sep 24, 2024
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने रविवार को नागपुर में एक कार्यक्रम में कहा कि केंद्र में भाजपा चौथी बार सरकार बनाए इसकी कोई गारंटी नहीं है, लेकिन हमारे सहयोगी रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आरपीआई) के चीफ रामदास अठावले अगली सरकार में मंत्री जरूर बनेंगे। गौरतलब है कि केंद्रीय मंत्री आरपीआई नेता के एक बयान का जवाब दे रहे थे, जिनकी पार्टी केंद्र और राज्य में भाजपा के साथ गठबंधन में है। सभा को संबोधित करते हुए गडकरी ने कहा कि अभी रामदास अठावले ने कहा कि हम तीसरी और चौथी बार सत्ता में आएंगे। जबकि हमारे बारे में कोई गारंटी नहीं है, उनकी गारंटी निश्चित है। मैं यह मजाक में कह रहा हूं। चाहे कोई भी सरकार बनाए। रामदास जी को जगह सुनिश्चित है, जैसा कि उन्होंने खुद अपने भाषण में कहा था।
केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने सत्तारूढ़ महायुति में शामिल उनकी पार्टी आरपीआई (ए) को आगामी महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में कम से कम 10 से 12 सीटों पर लड़ने का मौका मिलना चाहिए। नागपुर में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए आठवले ने कहा कि आरपीआई (ए) अपने पार्टी चिह्न पर चुनाव लड़ेगी और विदर्भ में तीन से चार सीटें मांगेगी, जिनमें उत्तर नागपुर, उमरेद (नागपुर), यवतमाल में उमरखेड़ और वाशिम शामिल हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा, आरपीआई (ए) ने 18 संभावित सीटों की सूची बनाई है, जिसे वह कुछ दिनों में महायुति सहयोगियों के साथ साझा करेगी और सीट बंटवारे के समझौते में उसे कम से कम 10 से 12 सीटें मिलने की उम्मीद है।