Noida Authority New Office का उद्घाटन करने के बाद बोले CM Yogi, 'विकास की नई उड़ान भर रहा Uttar Pradesh'

By नीरज कुमार दुबे | Jun 27, 2026

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण औद्योगिक परियोजनाओं का शिलान्यास किया, विकास कार्यों की समीक्षा की और विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया। मुख्यमंत्री का यह दौरा प्रदेश में औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

इसे भी पढ़ें: UP में Electronics क्रांति: CM Yogi ने रखी आधारशिला, बोले- भारत बनेगा आत्मनिर्भर

जानकारी के अनुसार अम्बर समूह ने यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में लगभग छह हजार सात सौ पचासी करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव रखा है। समूह द्वारा वातानुकूलन उपकरणों के पुर्जों, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों तथा अन्य आधुनिक सामग्री के निर्माण के लिए इकाइयां स्थापित की जाएंगी। इन परियोजनाओं से तीन हजार से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है। अधिकारियों का कहना है कि इन इकाइयों के शुरू होने से देश में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण निर्माण और आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसके बाद नोएडा के सेक्टर 96 में नोएडा प्राधिकरण के नये प्रशासनिक भवन का लोकार्पण किया। लगभग तीन सौ नब्बे करोड़ रुपये की लागत से बने इस भवन का निर्माण वर्ष 2016 में शुरू हुआ था, लेकिन कोरोना महामारी और ठेकेदार से जुड़ी समस्याओं के कारण इसमें देरी हुई। अब यह भवन पूरी तरह तैयार हो चुका है।

हम आपको बता दें कि नोएडा प्राधिकरण का नया प्रशासनिक परिसर छह एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ है और इसमें चार तथा आठ मंजिला दो टावर बनाए गए हैं। पहले इसकी योजना अठारह और नौ मंजिला इमारतों के रूप में तैयार की गई थी, लेकिन बाद में इसमें बदलाव किया गया। इस भवन के बन जाने से अब नोएडा प्राधिकरण के सभी विभाग एक ही परिसर में संचालित होंगे, जिससे लोगों को विभिन्न सेवाओं के लिए अलग अलग स्थानों पर नहीं जाना पड़ेगा। अभी तक प्राधिकरण के विभाग सेक्टर 6, 19, 20 और 39 सहित कई स्थानों पर संचालित हो रहे थे, जिससे आम लोगों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ता था।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश, विशेषकर नोएडा विकास के नये दौर में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार निवेश, उद्योग और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि आधुनिक आधारभूत सुविधाओं और औद्योगिक परियोजनाओं के माध्यम से उत्तर प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

हम आपको यह भी बता दें कि अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में भी भाग लिया। इसके अलावा उन्होंने मेरठ मंडल में लोक निर्माण विभाग के पुराने कार्यों की समीक्षा की तथा नयी परियोजनाओं को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की। बाद में मुख्यमंत्री गाजियाबाद के इंदिरापुरम पहुंचे, जहां उन्होंने मंत्री सुनील शर्मा के सुपुत्र के मांगलिक कार्यक्रम में शिरकत की।

प्रमुख खबरें

Womens Asia Cup से पहले Pakistan को बड़ा झटका, Najiha Alvi चोटिल होकर बाहर, Sadaf Shamas की हुई एंट्री

England Cricket में बड़ा बवाल, Nightclub के बाहर हथकड़ी में दिखे Brydon Carse टेस्ट मैच से बाहर

हरियाणा में Godrej Group का मेगा प्लान, 20,000 करोड़ के Investment से खुलेंगे 40,000 Jobs के नए द्वार

Larsen & Toubro को Middle East में मिला ₹15,000 करोड़ का Mega Project, बढ़ेगी कंपनी की ताकत