By अंकित सिंह | Apr 18, 2023
कर्नाटक विधानसभा चुनाव को लेकर नामांकन की प्रक्रिया जारी है। हालांकि, वार-पलटवार का दौर भी जारी है। इन सब के बीच कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता बीएस येदियुरप्पा ने दावा किया कि 101% हमें पूर्ण बहुमत मिलने वाला है और हम सरकार बनाने जा रहे हैं। वहीं, येदियुरप्पा ने जगदीश शेट्टार के बयान पर भी पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि बीएल संतोष पर आरोप लगाने वाले जगदीश शेट्टार के बयान से मैं सहमत नहीं हूं। हमें अभी भी पूरा विश्वास है कि हम 150 से अधिक सीटें जीतेंगे।
भाजपा विधायक अरविंद लिंबावली की पत्नी मंजुला अरविंद लिंबावली ने महादेवपुरा निर्वाचन क्षेत्र से पार्टी के उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन दाखिल किया। कर्नाटक के मंत्री और भाजपा नेता ब्यारथी बसवराज ने बेंगलुरु में केआर पुरम विधानसभा क्षेत्र से नामांकन दाखिल किया। कर्नाटक के मंत्री सीएन अश्वथ नारायण ने कहा कि हमें कनकपुरा के लोगों का जबरदस्त समर्थन है, वे चाहते हैं कि आर अशोक उनके विधायक बनें। वह सहज अंतर से चुनाव जीतने जा रहे हैं।