By अभिनय आकाश | Nov 20, 2024
ओडिशा के बरहामपुर सर्कल जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहे शीर्ष माओवादी नेता सब्यसाची पांडा ने इस साल ओडिशा राज्य मुक्त विश्वविद्यालय (ओएसओयू) के माध्यम से लोक प्रशासन में एमए करने में रुचि व्यक्त की है। पांडा ने दो साल पहले इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) से बीए किया था, उन छह कैदियों में से एक हैं जिन्होंने ओएसओयू में दो वर्षीय एमए (लोक प्रशासन) पत्राचार पाठ्यक्रम में नामांकन के लिए दस्तावेज जमा किए हैं। छह में से चार दोषी हैं, जिनमें 55 वर्षीय पांडा भी शामिल है और दो विचाराधीन कैदी हैं।
पांडा को 18 जुलाई 2014 को बेरहामपुर में गिरफ्तार किया गया था और तब से वह जेल में हैं। वह विभिन्न जिलों में 130 से अधिक माओवादी-संबंधी मामलों में आरोपी है। एक स्थानीय अदालत ने उन्हें देश के खिलाफ युद्ध छेड़ने के आरोप में आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।