अब अयोध्या में बनने वाली मस्जिद के नाम को लेकर राजनीति शुरू

By अजय कुमार | Aug 13, 2020

सुप्रीम कोर्ट द्वारा रामजन्म भूमि विवाद पर फैसला देते समय सुन्नी वक्फ बोर्ड को 05 एकड़ जमीन दिए जाने के बाद यूपी सरकार ने बोर्ड को जमीन उपलब्ध करा दी है, लेकिन इसके साथ ही मस्जिद का नाम क्या हो इसको लेकर विवाद शुरू हो गया है। कोई कह रहा है कि नई मस्जिद का नाम बाबरी मस्जिद होना चाहिए तो कोई कह रहा है कि नई मस्जिद वैसे ही बननी चाहिए जैसा ढांचा बाबरी मस्जिद का था। अतः तीन गुम्बद वाली मस्जिद बनानी चाहिए। वहीं सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद भी कुछ मुस्लिम धर्मगुरु और नेता यही राग अलाप रहे हैं कि भले ही बाबरी मस्जिद नेस्तनाबूत कर दी गई हो, लेकिन वह जगह कमायत तक मस्जिद ही रहेगी। इस तरह की भड़काऊ बयानबाजी सोशल मीडिया पर भी हो रही है। यहां तक कि सोशल मीडिया पर रामलला के मंदिर निर्माण को कुछ ‘दहशतगर्द’ मोदी सरकार का हिन्दुत्व एजेंडा बताते हुए इसे उनका (मोदी सरकार) भारत को हिन्दू राष्ट्र घोषित करने का पहला कदम बता रहे हैं।

इस सब से इतर उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मोहसिन रजा ने सेंट्रल सुन्नी वक्फ बोर्ड को सुझाव दिया है अयोध्या में बन रही मस्जिद का नाम अगर रखना है तो मोहम्मद साहब के नाम पर नाम रखा जाए और इसे ‘मस्जिद ए मोहम्मदी’ का नाम दिया जाए। मोहसिन रजा ने कहा कि इस देश में बाबर के नाम पर कोई भी चीज स्वीकार नहीं होगी। वह मस्जिद हो या कोई और क्योंकि बाबर ने कोई अच्छा काम नहीं किया। बाबर के नाम पर मुसलमानों के सभी फिरके भी एकमत नहीं होंगे और हम भी तो स्वीकार नहीं करेंगे।

इसे भी पढ़ें: आमंत्रण मिलता है तो योगी आदित्यनाथ को मस्जिद के भी कार्यक्रम में जाना चाहिए

मोहसिन रजा ने कहा, 'जैसे मर्यादा पुरुषोत्तम राम पुरुषों में उत्तम हैं, उसी तरीके से पैगंबर मोहम्मद साहब मुसलमानों में महापुरुष हैं और उन्हें हिंदुओं में भी उतना ही सम्मान प्राप्त है इसलिए अगर इस मस्जिद का नाम ही रखना है तो इसका नाम 'मस्जिद ए मोहम्मदी’ रखा जाए, यह मेरा सुझाव सुन्नी बोर्ड को है।' मोहसिन रजा ने कहा, रही बात योगी जी के वहां के कार्यक्रम में शामिल होने की तो सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर उन्हें मस्जिद बनाने की अनुमति मिली है तो वहां मस्जिद बनेगी और जब भी किसी अच्छे काम के लिए किसी को भी बुलाया जाएगा, चाहे मुझे बुलाया जाए या फिर बीजेपी में किसी भी बड़े पद पर बैठे हुए व्यक्ति को, तो सभी लोग जाएंगे, अच्छे काम के लिए हम लोग सभी जगह जाते हैं।

बहरहाल, इस सबके बीच सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड ने साफ किया है कि अयोध्या में दी गई जमीन पर बनने वाली मस्जिद का नाम बाबरी मस्जिद के नाम पर नहीं होगा। इंडो इस्लामिक कल्चरल फाउंडेशन ट्रस्ट के प्रवक्ता के अनुसार मस्जिद निर्माण में शिलान्यास के कार्यक्रम की इस्लाम में इजाजत नहीं है। सिर्फ नींव खोद कर मस्जिद की शुरुआत होती है, लेकिन इस जमीन पर जब अस्पताल या फिर ट्रस्ट के भवन की नींव रखी जाएगी तब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को आमंत्रित किया जाएगा। ट्रस्ट के प्रवक्ता के मुताबिक जमीन पर शुरुआत के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी आमंत्रित किया जाएगा।

गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया में यह चर्चा लगातार चल रही थी कि अयोध्या के पास रौनाही के धन्नीपुर गांव में बनने वाली मस्जिद का नाम बाबर के नाम पर होगा, जिसे सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड ने खारिज कर दिया और इसे अफवाह बताया। सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड ने हाल ही में इंडो इस्लामिक कल्चरल फाउंडेशन ट्रस्ट का निर्माण किया है जो अयोध्या में मस्जिद और उसके साथ-साथ अस्पताल, कम्युनिटी सेंटर और कम्युनिटी किचन बनाएगा। साथ ही वहां इस्लामिक मामलों पर एक रिसर्च सेंटर भी होगा।

-अजय कुमार

प्रमुख खबरें

Tech कंपनी में बड़ा फेरबदल: Layoffs के बाद Hillary Maxson बनीं नई CFO, AI पर होगा बड़ा निवेश

Aviation Sector से MSME तक को मिलेगी Oxygen, सरकार ला रही नई Loan Guarantee Scheme

Air India के Top Level पर बड़ा फेरबदल, CEO Campbell Wilson का इस्तीफा, नए बॉस की तलाश तेज

Candidates Tournament: Tan Zhongyi की एक गलती पड़ी भारी, Vaishali ने मौके को जीत में बदला