NRC को SC की निगरानी में तैयार किया गया, इसे सीधे तौर पर खारिज करना गलत: अजमल

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 02, 2019

गुवाहाटी। ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) के प्रमुख बदरूद्दीन अजमल ने बुद्धिजीवियों से असम में विदेशियों का मुद्दा सुलझाने के लिए राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) की अंतिम सूची की स्वीकार्यता सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से आगे आने की अपील की है। अजमल ने रविवार को जारी एक बयान में कहा कि एनआरसी को असम में लोगों और सभी राजनीतिक पार्टियों की मांग के बाद अद्यतन किया गया है। इसे उच्चतम न्यायालय की निगरानी में पांच साल की कठिन मेहनत से तैयार किया गया है और इस सूची को सीधे तौर पर खारिज नहीं करना चाहिए जैसा कि ज्यादातर पक्ष कर रहे हैं।

धुबरी से लोकसभा सदस्य ने कहा, ‘‘ कुछ ऐसी ताकतें हैं जिन्होंने सीधे तौर पर एनआरसी को खारिज कर दिया और ऐसी परिस्थिति में प्रमुख नागरिकों खास तौर पर बुद्धिजीवियों को यह सुनिश्चित करने के लिए आगे आना चाहिए कि पिछले 40 साल से पिछड़ी हुई असम की जनता नई समस्याओं का सामना न करे।’’ एआईयूडीएफ ने प्रमुख ने कहा, ‘‘ एनआरसी एक मजबूत दस्तावेज होने जा रहा है जो विदेशियों के मुद्दे को सुलझाने में मदद करेगा और सभी को इसे स्वीकार करना चाहिए।’’

इसे भी पढ़ें: संवेदनशील मुद्दा है NRC, इस पर नहीं हो राजनीति: अशोक गहलोत

अजमल ने कहा, ‘‘जिनका नाम इस सूची में नहीं है, वह विदेशी न्यायाधिकरण और उसके बाद उच्च न्यायालय और अंतिम रूप से उच्चतम न्यायालय में गुहार लगा सकते हैं कि उन्हें विदेशी घोषित न किया जाए।’’ एनआरसी की अंतिम सूची को लेकर एएएसयू, असम पब्लिक वर्क्स (एपीडब्ल्यू), ऑल असम माइनॉरिटी स्टूडेंट्स यूनियन (एएएमएसयू) और कांग्रेस तथा भाजपा ने भी असंतुष्टि जताई है। उल्लेखनीय है कि असम में बहुप्रतीक्षित एनआरसी की अंतिम सूची शनिवार को ऑनलाइन जारी कर दी गई। एनआरसी में शामिल होने के लिए 3,30,27,661 लोगों ने आवेदन दिया था। इनमें से 3,11,21,004 लोगों को शामिल किया गया है और 19,06,657 लोगों को बाहर कर दिया गया है।

प्रमुख खबरें

Attica Gold पर ED का एक्शन, चोरी का सोना खरीदने के आरोप में 16 ठिकानों पर तलाशी

विपक्ष की आलोचनाओं से नहीं पड़ता फर्क, DMK पर सवाल जारी रहेंगे: Vijay

Badrinath में संगीत कार्यक्रम पर Murli Manohar Joshi ने जताई आपत्ति, रोक लगाने की मांग

UNGA में Shehbaz Sharif ने अलापा कश्मीर राग, Donald Trump के हस्तक्षेप का किया दावा