By नीरज कुमार दुबे | Nov 27, 2026
देश के प्रतिष्ठित सांस्कृतिक संस्थानों में शुमार राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (NSD) इन दिनों रंगमंच की गतिविधियों से ज्यादा अपनी अंदरूनी खींचतान को लेकर सुर्खियों में है। संस्थान के कार्यवाहक चेयरमैन डॉ. भरत गुप्त को केंद्र सरकार ने तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया है। इतना ही नहीं, संस्कृति मंत्रालय ने NSD सोसायटी से उनकी सदस्यता भी वापस ले ली है। मंत्रालय ने इस कार्रवाई के लिए केवल 'प्रशासनिक आधार' का हवाला दिया है, लेकिन आखिर ऐसी कौन सी प्रशासनिक वजह थी जिसके कारण यह कदम उठाना पड़ा, इसका खुलासा नहीं किया गया है। प्रो. भरत गुप्त कला संस्कृति एवं नाट्य शास्त्र क्षेत्र के विश्वविख्यात विद्वान हैँ जिन्हें वर्ष 2025 में सरकार द्वारा उनके अमूल्य योगदान के लिए पद्मश्री से सम्मानित किया गया था।
इस पूरे विवाद की शुरुआत NSD के निदेशक चित्तरंजन त्रिपाठी और कार्यवाहक चेयरमैन भरत गुप्त के बीच टकराव से हुई। मामला दो संविदाकर्मियों की सेवाएं समाप्त करने से जुड़ा था, जिसमें बताया जा रहा है गुमनाम मौखिक आधार पर दोनों कर्मचारियों की सेवा समाप्त कर दी गई थी। भरत गुप्त ने आदेश की प्रति निदेशक से मांगी थी, निदेशक किसी प्रकार का लिखित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाए थे। इनमें एक भरत गुप्त के निजी सचिव डॉ. कन्हैया झा और दूसरे NSD के सलाहकार प्रदीप कुमार थे। निदेशक ने 9 नवंबर को दोनों की सेवाएं समाप्त करने का आदेश जारी किया था। गुप्त ने इस फैसले पर आपत्ति जताते हुए संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से हस्तक्षेप की मांग की थी।
इसे भी पढ़ें: National School of Drama में चल रहा गजब का ड्रामा! उपाध्यक्ष Bharat Gupt ने प्रशासनिक टकराव से आहत होकर कार्यालय जाना छोड़ा
गुप्त का तर्क था कि NSD में करीब 100 संविदाकर्मी कार्यरत हैं, लेकिन कार्रवाई केवल दो कर्मचारियों पर क्यों हुई? उन्होंने यह भी कहा था कि दोनों कर्मचारियों का कार्यकाल पहले ही बढ़ाया जा चुका था। विवाद बढ़ने पर उन्होंने कार्यालय आना भी बंद कर दिया था। 26 नवंबर को उन्होंने निदेशक के आदेश को निष्प्रभावी करने के लिए दो पत्र जारी कर दिए। इसके कुछ ही घंटों बाद मंत्रालय ने उनकी सदस्यता वापस लेने का फैसला सुना दिया।
लेकिन इस पूरे प्रकरण में संस्कृति मंत्रालय की भूमिका सबसे ज्यादा सवालों के घेरे में है। सवाल उठता है कि अगर निदेशक और चेयरमैन के बीच अधिकारों को लेकर विवाद था तो मंत्रालय ने दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर समाधान निकालने की कोशिश क्यों नहीं की? भरत गुप्त की शिकायतों पर समय रहते जवाब क्यों नहीं दिया गया? क्या मंत्रालय ने दोनों कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त करने के पीछे के कारणों की जांच की? और अगर गुप्त के आदेश नियमों के विरुद्ध थे तो मंत्रालय ने उसका आधार सार्वजनिक क्यों नहीं किया?
साथ ही सबसे बड़ा सवाल NSD के नेतृत्व और उसकी नियुक्ति व्यवस्था को लेकर है। राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय कोई सामान्य सरकारी विभाग नहीं, बल्कि देश में रंगमंच की प्रतिभाओं को तैयार करने वाला शीर्ष संस्थान है। इसके चेयरमैन की नियुक्ति राष्ट्रपति द्वारा की जाती है। NSD के आधिकारिक विवरण में थिएटर विशेषज्ञों, नाटककारों और संस्कृति के क्षेत्र की प्रतिष्ठित हस्तियों को सोसायटी में प्रतिनिधित्व देने की व्यवस्था भी बताई गई है।
ऐसे में सवाल है कि NSD जैसे संस्थान के शीर्ष पद पर निर्णय ब्यूरोक्रेट द्वारा लिए जा रहे हैँ या मंत्री द्वारा। क्योंकि इस विषय में मंत्री की चुप्पी भी सवालों के घेरे में है। सवाल उठता है कि क्या देश में रंगमंच के अनुभवी निर्देशकों, कलाकारों, नाटककारों और सांस्कृतिक क्षेत्र के विद्वानों की कमी हो गई है? देखा जाये तो प्रशासनिक अनुभव अपनी जगह महत्वपूर्ण है, लेकिन क्या सरकारी फाइलों और नियम-कायदों का अनुभव किसी व्यक्ति को रंगमंच की दुनिया का नेतृत्व करने के लिए पर्याप्त बना देता है? सवाल किसी एक व्यक्ति की नियुक्ति का नहीं, बल्कि संस्थान की नेतृत्व व्यवस्था और उसमें प्रशासनिक दखल की सीमा का भी है।
उल्लेखनीय है कि NSD के पूर्व अध्यक्षों की सूची में शांता गांधी, विजया मेहता, रतन थियाम, अमल अल्लाना और परेश रावल जैसी रंगमंच और कला जगत की हस्तियां शामिल रही हैं। यह परंपरा बताती है कि इस संस्थान का नेतृत्व कला की समझ रखने वाले लोगों के हाथों में होना कितना महत्वपूर्ण है।
बहरहाल, रंगमंच की दुनिया संवाद, अभिव्यक्ति और रचनात्मक स्वतंत्रता से चलती है। अगर देश के सबसे बड़े नाट्य संस्थान में ही संवाद की जगह आदेश, अधिकारों की जगह टकराव और समाधान की जगह पद से हटाने की कार्रवाई दिखाई दे, तो यह निश्चित रूप से संस्कृति मंत्रालय की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। आखिर NSD में नाटक मंच पर होना चाहिए या संस्थान के प्रशासनिक गलियारों में?