छात्रों के दमन और पेपर लीक के खिलाफ 4 अगस्त को पटना में बड़ा आंदोलन करेगी एनएसयूआई: विनोद जाखड़

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Jul 29, 2026

पटना, 29 जुलाई कांग्रेस की छात्र इकाई भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने बुधवार को कहा कि देशभर में प्रश्नपत्र लीक, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं और छात्रों के दमन को लेकर विद्यार्थियों में भारी आक्रोश है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय उनकी आवाज़ दबाने का प्रयास कर रही है। जाखड़ ने कहा कि इसके विरोध में चार अगस्त को पटना में एनएसयूआई के नेतृत्व में एक विशाल छात्र आंदोलन आयोजित किया जाएगा।

एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी ने भी पीड़ित छात्रों से फोन पर बात कर हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। जाखड़ ने दावा किया कि कई घायल छात्र आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से हैं और कुछ का भविष्य गंभीर रूप से प्रभावित हुआ है। उन्होंने मांग की कि गोली लगने से घायल सभी छात्रों को 50 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए तथा उनके इलाज, शिक्षा और भविष्य की जिम्मेदारी सरकार उठाए।

एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि आंदोलन समाप्त होने के बाद छात्रों पर कोई कार्रवाई नहीं करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद बड़ी संख्या में छात्रों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। उन्होंने कहा कि पटना विश्वविद्यालय छात्रसंघ अध्यक्ष शांतनु शेखर समेत कई छात्रों के साथ पुलिस का व्यवहार लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत था। जाखड़ ने मांग की कि छात्रों पर बल प्रयोग और गोली चलाने के आदेश देने वाले सभी जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए तथा पूरे मामले की जांच उच्चतम न्यायालय के किसी सेवानिवृत्त न्यायाधीश की निगरानी में कराई जाए।

एनएसयूआई प्रमुख ने कहा कि प्रश्नपत्र लीक, शिक्षा के निजीकरण, बेरोजगारी और छात्रों पर दर्ज मुकदमों के विरोध में चार अगस्त को पटना में एनएसयूआई के नेतृत्व में एक विशाल छात्र आंदोलन आयोजित किया जाएगा। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश राम ने आरोप लगाया कि दिल्ली से लेकर बिहार तक छात्रों के शांतिपूर्ण आंदोलन पर जिस प्रकार बल प्रयोग किया गया, वह लोकतांत्रिक मूल्यों और मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि छात्रों ने पूरी तरह शांतिपूर्ण और अहिंसक तरीके से अपनी मांगें उठाईं, लेकिन इसके बावजूद उन पर बल प्रयोग और गोलीबारी की घटनाएं अत्यंत निंदनीय हैं।

प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि छात्रों की आवाज़ उठाने पर सदाकत आश्रम स्थित बिहार प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर भी हमला किया गया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन दिए जाने के बावजूद अब तक मामला दर्ज नहीं किया गया, जिससे कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि घायल छात्र अनुसूचित जनजाति परिवार से है और अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया में शामिल होकर देश की सेवा करने का सपना देख रहा था।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों के अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए उनके साथ मजबूती से खड़ी है। राजेश राम ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई और छात्रों पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि छात्रों की आवाज़ को दमन के बल पर दबाया नहीं जा सकता।

प्रमुख खबरें

पहली बार सामने आया चीन की खुफिया एजेंसी का नाम, पूरा भारत हैरान !

CWG 2026: Boxer Sachin Siwach ने 60kg में रचा इतिहास, भारत का Medal पक्का!

अब मचेगी तबाही...इस मिलिट्री बेस पर हुए हमले से बौखलाया अमेरिका, ट्रंप ने ईरान को दी सीधी धमकी

Delhi Court ने Aishe Ghosh के खिलाफ जारी Non-Bailable Warrant पर लगाई रोक, जानिए क्या है पूरा मामला