हल्द्वानी दुष्कर्म मामले में NSUI का ऐलान, दिल्ली स्थित उत्तराखंड भवन पर प्रदर्शन

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 14, 2026

नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) ने हल्द्वानी में एक नाबालिग लड़की के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर 16 नवंबर को दिल्ली स्थित उत्तराखंड भवन के बाहर प्रदर्शन करने की शनिवार को घोषणा की। कांग्रेस की छात्र इकाई ने एक बयान में कहा कि मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एमबीपीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव में एबीवीपी का एक उम्मीदवार भी शामिल है। उत्तराखंड के हल्द्वानी जिले के मुखानी क्षेत्र के एक होटल में बृहस्पतिवार रात 16 वर्षीय लड़की के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया गया था।

घटना के बाद पुलिस ने एबीवीपी नेता धीरज बिष्ट के साथ नितिन पाल, अंश खत्री और हिमांशु गोनी को गिरफ्तार किया था। एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने कहा कि उनका संगठन इस मामले को राजनीतिक दबाव में दबने नहीं देगा और पीड़िता एवं उसके परिवार को सुरक्षा एवं कानूनी सहायता मुहैया कराई जानी चाहिए। उन्होंने कहा, कानून को अपना काम करना चाहिए और पीड़िता को बिना किसी राजनीतिक हस्तक्षेप के न्याय मिलना चाहिए।

भाजपा के पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर, पूर्व केंद्रीय मंत्री एम जे अकबर और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह से जुड़े यौन उत्पीड़न के पहले के मामलों का जिक्र करते हुए एनएसयूआई प्रमुख ने महिला सुरक्षा के प्रति भाजपा सरकार की प्रतिबद्धता पर सवाल उठाए। एनएसयूआई ने हल्द्वानी दुष्कर्म मामले की पारदर्शी और समयबद्ध जांच, दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और बिष्ट को लेकर संगठन के रुख पर एबीवीपी से सार्वजनिक स्पष्टीकरण देने की मांग की। एनएसयूआई ने उत्तराखंड सरकार से महिलाओं और नाबालिग लड़कियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाए गए कदमों का भी ब्योरा मांगा।

एनएसयूआई ने कहा कि वह न्याय और जवाबदेही की मांग को लेकर देशभर में छात्रों और युवाओं को लामबंद करेगा।

प्रमुख खबरें

अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेलाः हरियाणा पवेलियन में सजा एक्सपोर्ट कॉर्नर, बना प्रधानमंत्री के विजन और मुख्यमंत्री के संकल्प का प्रतीक

उत्तराखंड में Congress का हस्ताक्षर अभियान 22 नवंबर तक बढ़ा, 26 को निकलेगी रैली

New Delhi में SCO बैठक के लिए Pakistan ने भरी हामी, मंत्री मुसादिक मलिक का अहम दौरा

Mahanadi Coalfields के IPO से कंपनी को नहीं मिलेगी रकम, Coal India बेचेगी 66.18 करोड़ शेयर