NTPC चार राज्यों में 4.8 GW क्षमता के नए थर्मल पावर प्लांट लगाएगी

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 29, 2026

सार्वजनिक क्षेत्र की बिजली कंपनी एनटीपीसी देश में भविष्य की बिजली मांग पूरी करने के लिए चार राज्यों में 4.8 गीगावाट की नई तापीय बिजली उत्पादन क्षमता जोड़ने की योजना बना रही है। कंपनी के प्रबंधन ने यह जानकारी दी। प्रबंधन के अनुसार प्रस्तावित 4.8 गीगावाट क्षमता में से आधी संयुक्त उद्यम की अनुषंगी कंपनियों के जरिये और बाकी कंपनी स्वतंत्र रूप से जोड़ेगी।

देश की सबसे बड़ी बिजली उत्पादक कंपनी एनटीपीसी के पास फिलहाल 37 गीगावाट से अधिक की बिजली उत्पादन क्षमता निर्माणाधीन है। इसमें 17 गीगावाट कोयला आधारित, करीब 3.6 गीगावाट पनबिजली और लगभग 16 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता शामिल है। कंपनी के प्रबंधन ने कहा कि फिलहाल उसका जोर परियोजनाओं को समय पर पूरा करने और बिजलीघरों की अधिकतम उपलब्धता सुनिश्चित करने पर है।

प्रबंधन ने कहा, “हमारी 17.32 गीगावाट क्षमता पहले से निर्माणाधीन है। इसके अलावा, अगले साल की पहली और दूसरी तिमाही में करीब 4.8 गीगावाट की अतिरिक्त क्षमता के लिए निविदाएं जारी करने की योजना है।” प्रबंधन के अनुसार, नई तापीय बिजली उत्पादन क्षमता के तहत झाबुआ में 800 मेगावाट की दूसरी इकाई, तलचर चरण चार में 800 मेगावाट की एक इकाई, तलचर कनिहा चरण तीन में 800-800 मेगावाट की दो इकाइयां, भिलाई में 800 मेगावाट की एक इकाई और बीआरबीसीएल चरण दो में 800 मेगावाट की एक इकाई लगाई जाएगी। इन परियोजनाओं से कुल करीब 4.8 गीगावाट क्षमता जुड़ेगी।

प्रबंधन ने कहा, “इसमें से 2.4 गीगावाट क्षमता कंपनी स्वतंत्र रूप से और 2.4 गीगावाट संयुक्त उद्यम की अनुषंगी कंपनी के जरिये जोड़ेगी। इसके अलावा, हम व्यापक व्यवहार्यता के आधार पर तीन से चार गीगावाट की अतिरिक्त क्षमता के विकल्पों पर लगातार काम कर रहे हैं।”

प्रमुख खबरें

Nari Shakti Vandan Bill पर विशेष संसद सत्र से पहले बोले PM Narendra Modi

Congress का Narendra Modi सरकार पर हमला, बढ़ती महंगाई से आम परिवारों का बजट बिगड़ा

Moong Dal Kheer Recipe: चावल छोड़ बनाएं मूंग दाल की रबड़ी जैसी गाढ़ी खीर

Former IPS Sanjay Kumar Singh ने अपनी बुक में किया Aryan Khan Drug Case का जिक्र, जानें क्या लिखा?