ओडिशा में भारी बारिश की चेतावनी, IMD के अलर्ट के बाद 20 जिलों में प्रशासन मुस्तैद

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 20, 2026

बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने गहरे दबाव के क्षेत्र के दक्षिण ओडिशा-उत्तर आंध्र प्रदेश तट की ओर बढ़ने और भारी बारिश तथा तेज हवाएं चलने के भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के पूर्वानुमान के बाद ओडिशा सरकार ने रविवार को तैयारियां तेज कर दीं। अधिकारियों ने बताया कि राज्य सरकार ने दक्षिणी और तटीय ओडिशा के 20 जिलों के जिलाधिकारियों को ‘हाई अलर्ट’ पर रहने को कहा है, जबकि 10 अन्य जिलों के जिलाधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है। आईएमडी के अनुसार, गहरा दबाव, कम दबाव वाली प्रणाली का अधिक तीव्र चरण होता है और यह आगे चलकर चक्रवाती तूफान में बदल सकता है।

मौसम विभाग ने बताया कि यह प्रणाली 23 सितंबर की सुबह उत्तर आंध्र प्रदेश-दक्षिण ओडिशा तट के पास पश्चिम-मध्य और उससे सटी उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक पहुंच सकती है। आईएमडी ने इस प्रणाली के प्रभाव से राज्य में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है और 23 तथा 24 सितंबर के लिए दक्षिणी जिलों में कई स्थानों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। भुवनेश्वर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र की निदेशक मनोरमा मोहंती ने कहा, ओडिशा में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश होने का अनुमान है, जबकि कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।

उन्होंने कहा कि सोमवार तक गरज के साथ बूंदाबांदी और मध्यम बारिश जारी रहेगी, जबकि 22 सितंबर से बारिश की तीव्रता बढ़ने का अनुमान है। दक्षिणी ओडिशा के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ‘ऑरेंज अलर्ट’ भी जारी किया गया है। आईएमडी ने 27 सितंबर तक अलग-अलग जिलों के लिए रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किए हैं।

प्रमुख खबरें

पूर्व उपराष्ट्रपति Hamid Ansari के बयान पर CM Yogi Adityanath का पलटवार, सनातन परंपरा के अपमान का लगाया आरोप

K Annamalai ने पेरियार के सुधारों को सराहा, नास्तिकता और ब्राह्मण विरोधी विचारों को नकारा

UDAN Scheme: Purulia में हवाई अड्डा बनाने के लिए Bengal सरकार 28 सितंबर को केंद्र संग करेगी समझौता

Bibek Debroy: दिल्ली मतदाता सूची पुनरीक्षण में दिवंगत अर्थशास्त्री का नाम, चुनाव आयोग हटाएगा