चक्रवात की आहट: Odisha के 6 जिलों में पर्यटन स्थलों पर लगा प्रतिबंध

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 26, 2026

ओडिशा सरकार ने चक्रवाती तूफान के मद्देनजर समुद्र में मछली पकड़ने पर रोक लगा दी है और छह जिलों में पहाड़ियों, झरनों तथा बांधों पर पर्यटकों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती तूफान के अगले 48 घंटों में पड़ोसी आंध्र प्रदेश के तट पर पहुंचने की आशंका है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार सुबह जारी बुलेटिन में बताया कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरा दबाव पिछले छह घंटों में 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से लगभग पश्चिम की ओर बढ़ा और चक्रवाती तूफान में बदल गया। इसके 26 अक्टूबर की मध्यरात्रि तक पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर गंभीर चक्रवाती तूफान और 27 अक्टूबर को अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है। विभाग के अनुसार, तूफान के बुधवार को आंध्र प्रदेश के तट पर आने की संभावना है।

ओडिशा के आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा कि भले ही तूफान के आंध्र प्रदेश के तट पर पहुंचने का अनुमान है, लेकिन ओडिशा सरकार किसी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहती और हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि तट से टकराने के बाद मौसम प्रणाली के ओडिशा के कुछ इलाकों की ओर बढ़ने का अनुमान है। मंत्री ने बताया कि खराब मौसम की आशंका के कारण छह संवेदनशील जिलों में 28 और 29 अक्टूबर को स्कूल, कॉलेज और आंगनवाड़ी केंद्र बंद रहेंगे।

इन जिलों में सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं और राहत एवं बचाव कार्यों के समन्वय के लिए नियंत्रण कक्ष खोले गए हैं। कृषि विभाग ने किसानों को 80 से 85 प्रतिशत तक पक चुकी फसलों की कटाई कर उन्हें सुरक्षित रखने की सलाह दी है। किसानों की सहायता के लिए विशेष हेल्पलाइन नंबर भी शुरू किए गए हैं।

प्रमुख खबरें

Judicial Officers की रिटायरमेंट उम्र 62 वर्ष करने पर 14 राज्य सहमत, Supreme Court ने जताया संतोष

महान मुख्यमंत्री ने 600 करोड़ रुपये...कुमारस्वामी ने CM डीके शिवकुमार पर गंभीर आरोप लगाए

अमित शाह पर विवादित टिप्पणी, कोर्ट ने राहुल गांधी पर दिया बड़ा फैसला

India vs New Zealand: तीसरे T20 में अजेय बढ़त के लिए उतरेगी भारतीय टीम