ओडिशा का बौध शहर लगातार दूसरे दिन रहा देश का सबसे गर्म स्थान

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 17, 2025

ओडिशा का बौध शहर रविवार को देश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।

मौसम विभाग ने बताया कि ओडिशा का झारसुगुडा देश में दूसरा सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, बोलनगीर तीसरा सबसे गर्म स्थान रहा और यहां 41.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने बताया कि महाराष्ट्र के चंद्रपुर में 41.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो देश का चौथा सबसे गर्म स्थान रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, बौध लगातार दूसरे दिन देश का सबसे गर्म स्थान रहा।

शनिवार को बौध का तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम विभाग ने बताया कि ओडिशा के बड़े क्षेत्रों, खासकर पश्चिमी क्षेत्र में रविवार को लू जैसे हालात रहे।

आईएमडी के मुताबिक, ओडिशा के बौध, झारसुगुडा और बोलनगीर सहित कम से कम सात स्थानों पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया, जिसमें अंगुल (41.1), टिटलागढ़ (40.5), सुंदरगढ़ (40.3) और भवानीपटना (40.2) शामिल हैं। भुवनेश्वर और कटक में अधिकतम तापमान क्रमश: 36.8 और 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक लू की संभावना जताते हुए सोमवार के लिए झारसुगुडा, संबलपुर और कालाहांडी के लिए ‘रेड वॉर्निंग’ जारी की है। मौसम विभाग लू के लिए ‘रेड वार्निंग’ तब जारी करता है, जब बहुत ज्यादा गर्भी पड़ने और तापमान तेजी से बढ़ने की संभावना होती है।

विभाग ने सुंदरगढ़, सोनपुर, कालाहांडी, बौध और बोलनगीर जिलों के लिए ‘ऑरेंज वॉर्निंग’ तथा क्योंझर, अंगुल, ढेंकनाल और मयूरभंज जिलों के लिए ‘येलो वार्निंग’ जारी की है।

मौसम विभाग ने बताया कि बालासोर, भद्रक, कटक, जगतसिंहपुर, खुर्दा, जाजपुर, केंद्रपाड़ा, पुरी, नयागढ़, गंजम और गजपति के कुछ स्थानों पर सोमवार को गर्म और उमस भरे मौसम की स्थिति रहने की संभावना है।

आईएमडी ने बताया कि हालांकि लोगों को लू से राहत मिलने की संभावना है क्योंकि 19 मार्च से चार दिनों तक गरज के साथ बारिश होने और आकाशीय बिजली गिरने का पूर्वानुमान है।

प्रमुख खबरें

एशेज में स्टीव स्मिथ का रिकॉर्ड, इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले कंगारू बने

Odisha में बंगाली मजदूर की हत्या पर भड़कीं Mamata Banerjee, पूछा- क्या बंगाली बोलना अपराध है?

लड्डू गोपाल की सेवा में न करें देरी: जानें ठाकुर जी को स्नान कराने का शुभ मुहूर्त, जो घर में लाए सुख-समृद्धि

बांग्लादेश में 6 महीने में ईशनिंदा के बहाने हिंदुओं पर 71 हमले, रिपोर्ट में सनसनीखेज खुलासे