By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Jul 31, 2026
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। इस दौरान, उन्होंने राज्य में औद्योगिक सुरक्षा को मजबूत करने और रेल संपर्क का विस्तार करने के लिए केंद्र सरकार का समर्थन मांगा और कहा कि आर्थिक विकास को गति देने के लिए ये दोनों ही चीजें बहुत महत्वपूर्ण हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) की ओर से जारी बयान के मुताबिक, दिल्ली में शाह और वैष्णव के साथ अलग-अलग हुई मुलाकात में माझी ने औद्योगिक विकास, आंतरिक सुरक्षा, रेलवे बुनियादी ढांचा और लंबी अवधि की आर्थिक योजना से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ‘ग्रामोदय योजना’ के जरिये उन इलाकों में केंद्र और राज्य की कल्याणकारी योजनाएं लागू कर रही है, जो पहले वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सक्रिय पुलिसिंग की वजह से कानून-व्यवस्था की स्थिति नियंत्रण में है। सीएमओ के मुताबिक, शाह ने राज्य की विकास और कल्याणकारी पहलों की सराहना की तथा ओडिशा के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए केंद्र की ओर से हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, माझी ने दिल्ली में वैष्णव से भी मुलाकात की और रेलवे बुनियादी ढांचा को मजबूत करने, लंबित रेल परियोजनाओं के काम में तेजी लाने और पूरे राज्य में संपर्क बेहतर बनाने पर चर्चा की। माझी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “हमारी प्राथमिकता आर्थिक विकास को गति देने के लिए क्षेत्रीय और औद्योगिक संपर्क को बेहतर बनाना है। केंद्र सरकार के लगातार सहयोग से हम एक विकसित और समृद्ध ओडिशा की ओर लगातार आगे बढ़ रहे हैं।