By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 25, 2026
पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश के तट से 28 अक्टूबर को एक भीषण चक्रवाती तूफान के टकराने की आशंका के मद्देनजर ओडिशा सरकार ने रविवार को इसके प्रभाव से निपटने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संवेदनशील इलाकों में कर्मचारी तथा जरूरी उपकरण तैनात किए जा रहे हैं।
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि हालांकि इस तूफान के आंध्र प्रदेश में तट से टकराने का अनुमान है लेकिन ओडिशा सरकार कोई जोखिम नहीं लेगी और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहेगी। उन्होंने अधिकारियों को लोगों की सुरक्षा, संवेदनशील इलाकों से लोगों को निकालने और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार का लक्ष्य आपदा के दौरान जानमाल के नुकसान को रोकना है।
इस बीच, चक्रवात के मद्देनजर सरकार ने एक अलग आदेश जारी कर सभी जिलाधिकारियों और महत्वपूर्ण कार्यालयों में तैनात अन्य अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, प्रशासनिक तैयारियां सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को तत्काल अपने-अपने मुख्यालय लौटने का निर्देश दिया गया है। मुख्यमंत्री माझी ने कहा कि चक्रवात के कारण ओडिशा के दक्षिणी और तटीय जिलों में भारी बारिश हो सकती है।
इस दौरान 70 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है। उन्होंने बताया कि गंजाम, गजपति, रायगढ़ा, कोरापुट और मलकानगिरि जिलों पर तूफान का सबसे अधिक असर पड़ सकता है जबकि अन्य तटीय इलाकों में भी भारी बारिश होने की संभावना है। मुख्यमंत्री ने इन पांच जिलों में 28 और 29 अक्टूबर को सभी विद्यालयों, कॉलेज और आंगनवाड़ी केंद्र बंद रखने का आदेश दिया है।
अन्य जिलों में शैक्षणिक संस्थान बंद करने का फैसला वहां के जिलाधिकारी स्थिति के आकलन के आधार पर करेंगे। इस बीच, आईएमडी ने 27 से 29 अक्टूबर तक पूरे ओडिशा में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग ने 28 अक्टूबर के लिए रायगढ़ा, कोरापुट, मलकानगिरि, गजपति और गंजाम जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में बहुत भारी बारिश होने और कुछ स्थानों पर 20 सेंटीमीटर से अधिक बारिश होने की संभावना जताई गई है। मछुआरों को 24 अक्टूबर से समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।