By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 18, 2026
ओडिशा सरकार ने बुधवार को स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) के बीच 329 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता वितरित की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिड़ा ने यहां मिशन शक्ति विभाग की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम में यह राशि वितरित की।
अधिकारियों ने बताया कि परिड़ा ने 3,26,366 स्वयं सहायता समूहों को 247.34 करोड़ रुपये की ब्याज अनुदान सहायता वितरित की, जबकि 27 जिलों के 8,927 स्वयं सहायता समूहों को 16.03 करोड़ रुपये का आवर्ती कोष प्रदान किया गया। उन्होंने बताया कि इसी तरह, 22 जिलों की 204 ग्राम पंचायत स्तरीय महासंघों को सामुदायिक निवेश निधि के रूप में 60.40 करोड़ रुपये और 10 जिलों को सुरक्षा निधि के रूप में 5.37 करोड़ रुपये जारी किए गए। इस वित्तीय सहायता से राज्य भर में महिलाओं की आर्थिक गतिविधियों और आजीविका आधारित उद्यमों को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
अधिकारियों ने बताया कि संस्थागत वित्त तक पहुंच को और बढ़ाने तथा महिलाओं के नेतृत्व वाले उद्यमों को प्रोत्साहित करने के लिए वित्त वर्ष 2026-27 में स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) के लिए 20,000 करोड़ रुपये के बैंक ऋण संपर्क का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस दौरान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए परिड़ा ने कहा कि महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता और उद्यमशीलता राज्य के समग्र विकास के प्रमुख स्तंभ हैं।