By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 30, 2026
‘ओडिशा यूनिफॉर्म्ड सर्विसेज स्टाफ सिलेक्शन कमीशन’ ने पुलिस उप निरीक्षक (एसआई) के पदों पर भर्ती के लिए आयोजित होने वाली परीक्षा के आवेदन संबंधी विवरण को अद्यतन करने और सत्यापित करने की अंतिम तारीख 10 दिन बढ़ा दी है। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। राज्य सरकार के मुताबिक, ऑनलाइन आवेदन अद्यतन और सत्यापन की सुविधा आयोग की वेबसाइट पर आठ नवंबर को रात 11 बजे तक उपलब्ध रहेगी।
आयोग ने सभी अभ्यर्थियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर यह प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी है। साथ ही स्पष्ट किया है कि अंतिम तारीख आगे नहीं बढ़ाई जाएगी। दरअसल पुलिस उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा पिछले साल अक्टूबर में आयोजित होनी थी लेकिन चयन प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताओं का पता चलने के बाद परीक्षा रद्द कर दी गई थी।
इस कथित घोटाले में 120 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तार आरोपियों में 110 से अधिक नौकरी के अभ्यर्थी, कई बिचौलिए आदि शामिल थे।