By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 12, 2026
ओला इलेक्ट्रिक मोबिलिटी लिमिटेड ने बुधवार को कहा कि भारी उद्योग मंत्रालय ने उसकी पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी ओला सेल टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड (ओसीटी) के लिए उन्नत रसायन सेल (एसीसी) उत्पादन से जुड़ी प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना के तहत संशोधित समयसीमा को मंजूरी दे दी है। कंपनी ने बयान में कहा कि एमएचआई का यह संशोधन महज समयसीमा बढ़ाने तक सीमित नहीं है। मंजूरी से ओला इलेक्ट्रिक को उसके 20 गीगावाट आवंटन के लिए 2031 तक पूरे पांच साल की पीएलआई अवधि मिलेगी और कुल 7,240 करोड़ रुपये तक के पीएलआई प्रोत्साहन मिल सकेगा।
कंपनी ने कहा कि चालू तिमाही के अंत तक उसकी क्षमता छह गीगावाट हो जाएगी, जो दिसंबर 2026 की संशोधित समयसीमा से काफी पहले शुरुआती स्थापित क्षमता का लक्ष्य हासिल कर लेगी। ओला इलेक्ट्रिक ने कहा कि भारी उद्योग मंत्रालय (एमएचआई) के फैसले से मूल समयसीमा प्रभावी रूप से दो साल बढ़ गई है। लिथियम सेल इलेक्ट्रिक परिवहन, ऊर्जा भंडारण, ड्रोन, रोबोटिक्स और अगली पीढ़ी की औद्योगिक प्रणालियों में एक बुनियादी प्रौद्योगिकी बन रहे हैं।
ओला इलेक्ट्रिक के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक भविष अग्रवाल ने कहा, ‘‘संशोधित समयसीमा महज विस्तार से कहीं अधिक है। यह हमारे सेल कारोबार की अर्थव्यवस्था को बदलती है। इससे पहले की समयसीमा से जुड़ी अनिश्चितता अब पांच साल के दौरान तिमाही आधार पर 7,240 करोड़ रुपये तक के पीएलआई लाभ के अवसर में बदल गई है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ मूल समयसीमा से अधिक समय लगने के बाद हमने अपने कारोबारी अनुमानों में किसी भी प्रोत्साहन राशि को शामिल नहीं किया था।
अब ओला सरकार की संशोधित समयसीमा से काफी आगे चल रही है, जिससे हमें 7,240 करोड़ रुपये की पूरी संभावित प्रोत्साहन राशि हासिल करने और अगली तिमाही से ही भुगतान प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।’’ इस साल स्वतंत्रता दिवस पर कंपनी के वार्षिक ‘संकल्प’ कार्यक्रम में ओला इलेक्ट्रिक अपने ऊर्जा उत्पादों की विस्तृत रूपरेखा पेश करेगी। इसमें ‘शक्ति’, ‘महाशक्ति’ और उसके ऊर्जा मंच के अगले चरण की योजनाएं शामिल हैं।