जेटली के निधन पर बोले पीएम मोदी, मैंने मूल्यवान मित्र खो दिया

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 24, 2019

नयी दिल्ली। भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को शोक प्रकट करते हुए उन्हें अपना ‘‘मूल्यवान मित्र’’ बताया, जिनमें अंत:दृष्टि और चीजों को बारीकी से समझने की क्षमता थी जो विरले ही देखने को मिलती है। मोदी राजकीय यात्रा पर यूएई में हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व वित्त मंत्री जीवन से परिपूर्ण, प्रबुद्ध, हास्य-विनोद से भरपूर और करिश्माई शख्सियत थे।आधिकारिक सूत्र ने बताया कि प्रधानमंत्री ने जेटली की पत्नी एवं पुत्र से बात की और अपनी संवेदना प्रकट की। दोनों ने प्रधानमंत्री से अपनी विदेश यात्रा रद्द नहीं करने का अनुरोध किया। शनिवार को एम्स में भाजपा नेता का निधन हो गया। अपने ट्वीट में मोदी ने कहा कि जेटली को समाज का हर तबका पसंद करता था। उन्होंने कहा कि वह एक बहुआयामी व्यक्तित्व वाले, संविधान, इतिहास, लोक नीति, शासन और प्रशासन के प्रखर ज्ञाता थे।

उन्होंने कहा, ‘‘अरुण जेटली जी के जाने से मैंने अपना एक मूल्यवान मित्र खो दिया, जिन्हें दशकों से जानने का मुझे सौभाग्य प्राप्त था। उनमें मुद्दों को लेकर जो अंतर्दृष्टि और चीजों की समझ थी, वह विरले ही किसी में देखने को मिलती है। उन्होंने जीवन को भरपूर जिया और हम सभी के दिलों में अनगिनत खुशी के लम्हे छोड़ गये! हम उन्हें याद करेंगे।’’उन्होंने कहा कि जेटली ने अपने लंबे राजनीतिक कॅरियर में कई मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने अपनी जिम्मेदारियां निभाते हुए भारत के आर्थिक विकास, हमारी रक्षा क्षमता को मजबूत करने, लोगों के अनुकूल कानून बनाने और अन्य देशों के साथ कारोबार बढ़ाने में योगदान किया।

इसे भी पढ़ें: भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए मुख्य संकटमोचक थे अरुण जेटली

मोदी ने भाजपा में उनके योगदान को भी याद किया। उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा और अरुण जेटली जी में अटूट रिश्ता था। एक जोशीले छात्र नेता के तौर पर आपातकाल के दौरान वह लोकतंत्र की सुरक्षा में अग्रणी रहे। वह हमारी पार्टी के सबसे पसंदीदा चेहरा रहे, जो समाज के व्यापक हिस्सों के समक्ष पार्टी कार्यक्रमों और विचारधारा को आसान शब्दों में पेश करते थे।’’

प्रमुख खबरें

Supreme Court में CEC Gyanesh Kumar के खिलाफ याचिका, SIR फैसलों पर कार्रवाई की मांग

संशोधित Model BIT को जल्द मिलेगी Cabinet की मंजूरी, मसौदा नोट तैयार

Asian Games Canoeing में भारत पदक से चूका, Kayak Teams फाइनल में पिछड़ीं

Asian Games Squash: जोशना, अनाहत और अभय सेमीफाइनल में पहुंचे, भारत के 3 मेडल पक्के