By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 03, 2020
नयी दिल्ली। भारत और चीन की सेनाओं में जारी गतिरोध के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शुक्रवार के लद्दाख दौरे की भाजपा नेताओं ने प्रशंसा की। पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि ‘‘उनके शब्द 130 करोड़ भारतीयों की भावनाओं के शब्द हैं और हमारे सशस्त्र बलों के मनोबल को बढ़ावा मिलेगा।’’ लद्दाख के निमू में मोदी द्वारा सैनिकों को संबोधित करने के बाद नड्डा ने ट्वीट किया, ‘‘वीर भोग्या वसुंधरा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शब्द 130 करोड़ भारतीयों की भावनाओं के शब्द हैं और इनसे हमारे सशस्त्र बलों का मनोबल काफी बढ़ेगा। सही नेतृत्व काम पर है।’’
शाह ने ट्वीट किया, ‘‘आगे बढ़कर नेतृत्व कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी लद्दाख के अग्रिम क्षेत्र में सेना, वायुसेना और आईटीबीपी के हमारे वीर और साहसी सैनिकों के साथ हैं।’’ शाह ने ट्वीट किया, ‘‘आदरणीय प्रधानमंत्री के इस दौरे से हमारे साहसी जवानों का मनोबल और बढ़ेगा।’’ उन्होंने सैनिकों के साथ मोदी की कई तस्वीरें भी पोस्ट कीं।