उत्तरी सागर में 3,000 कार लेकर जा रहे जहाज में आग लगने से एक भारतीय की मौत, 20 अन्य घायल

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 27, 2023

नीदरलैंड तट के पास उत्तरी सागर में लगभग 3,000 कार लेकर जा रहे एक मालवाहक जहाज में भीषण आग लग गई, जिससे चालक दल के एक भारतीय सदस्य की मौत हो गई और 20 अन्य घायल गये। नीदरलैंड के तटरक्षकों ने चेतावनी दी है कि यह आग बुझाने में लंबा समय लग सकता है। पनामा में पंजीकृत 199 मीटर लंबे जहाज फ्रीमेंटल हाईवे पर आग मंगलवार की रात लगी, जो जर्मनी से मिस्र जा रहा था। आग लगने के बाद चालक दल के कई सदस्य जान बचाने के लिये पानी में कूद गये। नीदरलैंड स्थित भारतीय दूतावास ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि जहाज में आग लगने के कारण एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई। दूतावास ने बुधवार को एक ट्वीट में कहा, हम उत्तरी सागर में जहाज फ्रीमेंटल हाईवे से जुड़ी घटना को लेकर बहुत दुखी हैं, जिसमें एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई और चालक दल के कई सदस्य घायल गये।

वहीं, एक तटरक्षक बल के सदस्य ने कहा कि आग लगने के लगभग 16 घंटे बाद भी अग्निशमन दल, उसे बुझाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। एक प्रवक्ता ने कहा कि यह सुनिश्चित करने में लंबा समय, शायद हफ्तों लग सकते हैं कि आग पूरी तरह बुझ गई है। उन्होंने कहा ‘‘फिलहाल दमकलकर्मियों को जहाज पर भेजना खतरे से खाली नहीं है।’’ प्रवक्ता एडविन ग्रामेमेन ने एनओएस को बताया ‘‘आग बुझाने के लिए अगर जहाज में पानी भरा जाए तो वह अस्थिर हो सकता है और फिर उसे बचाना मुश्किल होगा क्योंकि वह डूब जाएगा।’’ डच न्यूज समाचार चैनल की खबर के अनुसार, जहाज के चालक दल के 23 सदस्यों ने पहले तो खुद ही आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन आग तेजी से फैल गई। फिर रोटेरदैम से आग बुझाने के विशेषज्ञों को बुलाया गया लेकिन तब तक हालात नियंत्रण से बाहर हो चुके थे। चैनल की खबर में कहा गया है कि चालक दल के सात सदस्य पानी में कूद गए जिन्हें आसपास के जहाजों ने बचा लिया। शेष को हेलीकॉप्टर की मदद से बचा लिया गया।

प्रमुख खबरें

चेन्नई की Puzhal Central Jail से भागे दो कैदी दोबारा गिरफ्तार, लापरवाही पर 7 कर्मी सस्पेंड

Lucknow Cafe Owner Death Case में मॉडल Shradha Dubey समेत 3 आरोपी 10 दिन की जेल भेजे गए

Kirit Somaiya मुंबई एयरपोर्ट के पास मस्जिद हटाने की मांग पर निकालेंगे हथौड़ा रैली

Ayodhya Deepotsav 2024: सरयू के 56 घाटों पर 30 लाख दीये जलाने का लक्ष्य तय