By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 12, 2024
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के कब्जे (पीओके) वाले कश्मीर में गेहूं के आटे और बिजली की ऊंची कीमतों के खिलाफ आंदोलन कर रहे प्रदर्शनकारियों एवं सुरक्षा बलों के बीच हिंसक झड़पों में एक पुलिस अधिकारी की मौत हो गयी जबकि 100 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में अधिकतर पुलिसकर्मी हैं। मीडिया में आयी खबरों में रविवार को यह जानकारी दी गयी। डॉन अखबार की रिपोर्ट के अनुसार, विवादित क्षेत्र में शनिवार को पुलिस एवं अधिकार आंदोलन के कार्यकर्ताओं के बीच झड़पें हुईं और पूरे इलाके में चक्का जाम कर दिया गया और दूकानें बंद रखी गयी।
स्थानीय सरकार ने बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन को रोकने के लिए भारी संख्या में पुलिसकर्मियों को बुलाया है। एसएसपी यासीन बेग ने कहा कि कम से कम एक पुलिस अधिकारी और एक युवा लड़का घायल हो गए क्योंकि प्रदर्शनकारियों द्वारा पथराव करने और बोतलें फेंके जाने के बाद पुलिस ने कुछ इलाकों में आंसू गैस के गोले छोड़े और हवाई फायरिंग की। कोटली के एसएसपी मीर मुहम्मद आबिद ने कहा कि जिले में विरोध की आड़ में उपद्रवियों के हमलों में कम से कम 78 पुलिसकर्मी घायल हो गए।